Home राज्य मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, सरकारी बॉडीगार्ड...

मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, सरकारी बॉडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में की शिकायत

0
5

डेस्क : बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में मैथिली ठाकुर के पिता को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है। सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर उनके सरकारी बॉडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

साइबर थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, बीते 14 नवंबर को दोपहर करीब 2:40 बजे मैथिली ठाकुर के बॉडीगार्ड को सोशल मीडिया के माध्यम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी मिली। आरोप है कि इस अकाउंट से विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही थीं।

शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर विधायक की छवि धूमिल करने और एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बॉडीगार्ड की ओर से दिए गए आवेदन में यह भी आशंका जताई गई है कि इस तरह की टिप्पणियों से विभिन्न समुदायों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। इसके अलावा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने और बड़े स्तर पर लोगों की भावनाएं आहत होने की आशंका भी जाहिर की गई है।

शिकायत मिलने के बाद पटना साइबर थाना की पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम आईडी और उस पर की गई टिप्पणियों की जांच कर रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आए तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
दिसंबर में 12 ट्रेनें रद्द, तीन के रूट बदले; गया होकर गुजरेंगी कई ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट राज्य

दिसंबर में 12 ट्रेनें रद्द, तीन के रूट बदले; गया होकर गुजरेंगी कई ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट