Home राज्य आनंद मोहन को फिर जाना होगा जेल, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला;...

आनंद मोहन को फिर जाना होगा जेल, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला; 1 महीने में सरेंडर करने का आदेश

0
170

डेस्क : जेडीयू के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में उनकी समयपूर्व रिहाई को सुप्रीम कोर्ट ने गलत ठहराया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। इस फैसले के बाद करीब साढ़े तीन साल पहले जेल से बाहर आए आनंद मोहन को एक बार फिर जेल जाना होगा।

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह फैसला सुनाया है। आनंद मोहन की रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने चुनौती दी थी। उनका आरोप था कि बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव करके आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का रास्ता तैयार किया था।

दरअसल, 27 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन को सहरसा जेल से रिहा किया गया था। उस समय बिहार में नीतीश कुमार की सरकार थी। रिहाई से पहले 10 अप्रैल 2023 को बिहार सरकार ने जेल मैनुअल के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया था। इस संशोधन के तहत नियम में शामिल अंग्रेजी के पांच शब्द ‘A Civil Servant on Duty’ हटा दिए गए थे। इन शब्दों के हटने से ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को भी समयपूर्व रिहाई के लिए विचार करने का रास्ता खुल गया था।

आनंद मोहन को इसी बदलाव के बाद रिहाई मिली थी। हालांकि, इस फैसले को लेकर बिहार की राजनीति में काफी विवाद हुआ था। विपक्ष ने तत्कालीन नीतीश सरकार पर राजनीतिक फायदे के लिए नियम बदलने का आरोप लगाया था।

गौरतलब है कि 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा के दौरान भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था। अक्टूबर 2007 में निचली अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी, जिसे दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था।

अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले से आनंद मोहन की रिहाई पर कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं। उनकी पत्नी लवली आनंद जेडीयू की सांसद हैं, जबकि बेटे चेतन आनंद भी जेडीयू के विधायक हैं। ऐसे में इस फैसले का बिहार की सियासत पर भी असर पड़ना तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
IRCTC घोटाला: लालू परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका, लालू-राबड़ी और तेजस्वी की बढ़ीं मुश्किलें राज्य

IRCTC घोटाला: लालू परिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका, लालू-राबड़ी और तेजस्वी की बढ़ीं मुश्किलें