डेस्क : IRCTC घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले में आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखते हुए लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव को कोई राहत नहीं दी है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला रांची और पुरी स्थित रेलवे के दो BNR होटलों के संचालन के लिए जारी टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि रेलवे मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में इन होटलों के संचालन का ठेका देने में नियमों की अनदेखी की गई थी। इसी मामले में पटना की जमीन के कथित लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी सामने आए थे।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि होटल टेंडर के बदले पटना में जमीन का लाभ लालू परिवार से जुड़ी कंपनियों और लोगों को पहुंचाया गया था। इसी आधार पर मामले में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच की गई।
इससे पहले राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत कुल नौ आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने का आदेश दिया था। विशेष अदालत के इस फैसले को लालू परिवार की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। आरोपियों ने निचली अदालत के आदेश पर राहत मांगी थी, लेकिन हाईकोर्ट ने आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा है।
इस फैसले के साथ ही लालू परिवार को अदालत से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। बिहार की राजनीति में भी इस फैसले को लेकर हलचल तेज होने की संभावना है।




Users Today : 387
Who's Online : 0