Home राज्य बिहार में अवैध खनन पर सरकार का बड़ा एक्शन, GPS नहीं लगाने...

बिहार में अवैध खनन पर सरकार का बड़ा एक्शन, GPS नहीं लगाने पर 2 लाख तक जुर्माना; हर साल 100 करोड़ की कमाई

0
94

पटना : बिहार में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य मंत्रिपरिषद ने बिहार खनिज नियमावली, 2026 के तृतीय संशोधन को मंजूरी दे दी है। इसके बाद अवैध खनन, खनिजों की ढुलाई और भंडारण पर सरकार की निगरानी और सख्त होने वाली है। खास बात यह है कि अब खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों में जीपीएस लगाना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 2 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा।

खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य में खनिज संपदा की अवैध निकासी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार तकनीक आधारित निगरानी और सख्त कार्रवाई के जरिए अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई नियमावली के तहत लघु खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों का निबंधन किया जाएगा और उनका डिजिटल डाटाबेस तैयार होगा। वहीं, दूसरे राज्यों से खनिज लेकर बिहार आने वाले वाहनों में भी जीपीएस लगाना अनिवार्य होगा।

जीपीएस नहीं लगाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाफ ट्रक पर 50 हजार रुपये, जबकि बड़े वाहनों पर 2 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों को तब तक खनिज चालान जारी नहीं किया जाएगा, जब तक खनिज का पूरा मूल्य और शमन शुल्क जमा नहीं हो जाता।

सरकार ने खनिजों पर प्रबंधन शुल्क लगाने का भी फैसला किया है। इसके तहत पीला बालू पर 20 रुपये, उजला बालू पर 10 रुपये और पत्थर पर 50 रुपये प्रति मीट्रिक टन शुल्क लगेगा। इससे बिहार सरकार को हर साल करीब 100 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है।

इसके अलावा लौह अयस्क के गलत ग्रेड निर्धारण को रोकने, खनिज पट्टाधारकों की मृत्यु के बाद उनके कानूनी उत्तराधिकारियों को अधिकार हस्तांतरित करने जैसे प्रावधान भी किए गए हैं।

सरकार का दावा है कि इन बदलावों से अवैध खनन और परिवहन पर लगाम लगेगी, राजस्व की चोरी रुकेगी और खनिज कारोबार में पारदर्शिता बढ़ेगी। अब देखना होगा कि नई व्यवस्था जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
संविधान दिवस पर पटना में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, पप्पू यादव भी हुए शामिल; शहीद स्मारक पर गूंजा संविधान का संदेश राज्य

संविधान दिवस पर पटना में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, पप्पू यादव भी हुए शामिल; शहीद स्मारक पर गूंजा संविधान का संदेश