Home राज्य संविधान दिवस पर हिमालया कॉलेज में गूंजा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जागरूकता...

संविधान दिवस पर हिमालया कॉलेज में गूंजा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जागरूकता का संदेश

0
10

पटना : हिमालय विश्वविद्यालय के अंगीभूत महाविद्यालय हिमालया कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन, पालीगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और शपथ ग्रहण के साथ हुआ। इसके बाद निबंध लेखन, भाषण, पोस्टर निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘भारतीय संविधान का महत्त्व’, भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘प्रस्तावना और भारत की परिकल्पना’ तथा पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का विषय ‘लैंगिक समानता’ रखा गया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भारतीय संविधान और संवैधानिक जागरूकता से जुड़े सवाल पूछे गए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, विचारों और संवैधानिक विषयों की समझ का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान NSS समन्वयक श्री कृष्णा नंद दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. अशोक कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। इसके आदर्शों को समझना और व्यवहार में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागी विद्यार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, सामाजिक समानता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
मुख्यमंत्री सचिवालय में तीन प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना राज्य

मुख्यमंत्री सचिवालय में तीन प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना