पटना : बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) में प्रमाणपत्रों के फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। बोर्ड की आंतरिक जांच में कई शिक्षार्थियों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं। इस मामले में अब बीबोस और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड के अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार, 26 नवंबर को पटना के जक्कनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस से फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने और सत्यापन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले बीबोस का कार्यभार संभालने के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सज्जन आर. ने प्रमाणपत्रों के सत्यापन में अनियमितता पकड़ी थी। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। समिति ने दस्तावेजों और सत्यापन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। जांच पूरी होने के बाद सौंपी गई रिपोर्ट में प्रमाणपत्रों के फर्जीवाड़े और इसमें शामिल संदिग्ध लोगों की भूमिका सामने आई।
दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, एनआईओएस के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से अलग-अलग पत्रों के माध्यम से कई शिक्षार्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने के लिए बीबोस को भेजा गया था। जब बीबोस ने इन प्रमाणपत्रों की जांच की तो अधिकांश प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए। इतना ही नहीं, एनआईओएस को भेजे गए बीबोस के कुछ सत्यापन पत्र भी जांच में फर्जी मिले। इसके बाद दोनों संस्थानों के कुछ कर्मचारियों और संबंधित शिक्षार्थियों की संलिप्तता की आशंका जताई गई।
इस मामले में बीबोस के परीक्षा एवं मूल्यांकन विभाग के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी ने जक्कनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद बीबोस ने भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। सीईओ सज्जन आर. के मुताबिक, अब सभी प्रमाणपत्रों का सत्यापन डिजिलॉकर के माध्यम से कराया जाएगा। इसके अलावा बोर्ड के सभी गोपनीय दस्तावेजों को पासवर्ड सुरक्षा के साथ एसडीसी सर्वर में सुरक्षित रखा जाएगा। व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बोर्ड की ओर से जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की जाएगी।




Users Today : 386
Who's Online : 1