Home राज्य महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर संजय झा का कांग्रेस पर हमला,...

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर संजय झा का कांग्रेस पर हमला, बोले- विरोध का कारण बताए विपक्ष

0
6
पटना : जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस तथा विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि आखिर वह महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल का विरोध क्यों कर रही है। संजय झा ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में है या नहीं।

संजय झा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कांग्रेस यह बयान देगी कि महिला आरक्षण नहीं होना चाहिए? आखिर वह महिला आरक्षण का विरोध क्यों कर रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपने परिवार के अलावा किसी दूसरे से मतलब नहीं है और उसकी राजनीति केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाने तक सीमित है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पारित होने से राजनीति में आने की इच्छा रखने वाली महिलाओं को बड़ा अवसर मिलेगा। महिलाएं भविष्य में विधायक और सांसद बन सकेंगी। आधी आबादी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने से बड़ा कदम क्या हो सकता है।

परिसीमन से सांसदों को क्षेत्र में काम करने का मिलेगा अधिक अवसर

परिसीमन बिल को लेकर संजय झा ने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। मौजूदा व्यवस्था में सांसदों के लिए अपने पूरे संसदीय क्षेत्र के सभी इलाकों तक पहुंचना और लोगों से मिलना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ने से सांसदों को अपने क्षेत्र में अधिक प्रभावी ढंग से काम करने और लोगों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। जनसंख्या के बढ़ते दबाव को देखते हुए परिसीमन की जरूरत है और इसी उद्देश्य से यह बिल लाया जा रहा है।

विपक्षी सांसदों के समर्थन पर बोले संजय झा

दोनों बिलों को लेकर विपक्ष के कुछ सांसदों की ओर से समर्थन मिलने के सवाल पर संजय झा ने कहा कि जो लोग इन बिलों के महत्व को समझते हैं, वे निश्चित तौर पर समर्थन करेंगे। लेकिन कांग्रेस पर उन्होंने आरोप लगाया कि वह केवल विरोध की राजनीति कर रही है और विरोध का स्पष्ट कारण नहीं बता रही है।

नीतीश कुमार ने बिहार में महिलाओं को दिया आरक्षण

संजय झा ने बिहार में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर नीतीश कुमार के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में पहले ही महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में काम किया है। बिहार में महिलाओं को आगे बढ़ाने की पहल पूरे देश के लिए उदाहरण है।

इंडिया गठबंधन की बैठक पर भी उठाए सवाल

इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर भी संजय झा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि इंडिया गठबंधन की बैठक किस उद्देश्य से हो रही है और क्या गठबंधन महिला आरक्षण बिल का विरोध करेगा? उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह इन बिलों के समर्थन में है या विरोध में। संजय झा के मुताबिक, विपक्ष का काम केवल विरोध करना नहीं, बल्कि विरोध का कारण भी जनता के सामने रखना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
श्रवण कुमार का बयान, कोर्ट के आदेश पर टिप्पणी नहीं की जा सकती; मुख्यमंत्री की अधिकारियों के साथ बैठक को बताया अच्छा कदम राज्य

श्रवण कुमार का बयान, कोर्ट के आदेश पर टिप्पणी नहीं की जा सकती; मुख्यमंत्री की अधिकारियों के साथ बैठक को बताया अच्छा कदम