प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को गुरुवार तक स्वयं अवैध कब्जा हटाने की मोहलत दी थी। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने नवल किशोर चौक से बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। कार्रवाई शुरू होते ही फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले फल विक्रेताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया।
केशव चौक के पास सालों से बंद पड़े विपणन केंद्र के सामने फल की दुकानें लगाने वाले कुछ दुकानदारों ने जेसीबी को रोक दिया। इसी दौरान अचानक छत से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पथराव के दौरान सड़क से गुजर रहे कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचने के बाद पथराव करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान दोबारा शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान केशव चौक, ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, इंद्रदेव चौक और ब्लॉक गेट तक अवैध कब्जे हटाए गए। कई होटल, फुटपाथ पर कपड़े बेचने वाले दुकानदारों की टीन की दुकानें और शेड ध्वस्त किए गए। वहीं, केशव चौक और बाया नदी पुल के पास फल विक्रेताओं की गुमटियों को भी हटाया गया।
पथराव की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक की कथित तौर पर ईंट फेंकते तस्वीर वायरल हो रही है। हालांकि, तस्वीर की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज की ओर से घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




Users Today : 194
Who's Online : 2