Homeराज्यझारखंडधनबाद पुलिस की मुहिम, 35 लाख लोगों को बचाएगी साइबर ठगी से

धनबाद पुलिस की मुहिम, 35 लाख लोगों को बचाएगी साइबर ठगी से

धनबाद, 17 अगस्त : साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच धनबाद पुलिस ने सोमवार से पांच दिवसीय विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया। 17 से 21 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने साइबर जागरूकता पुस्तक का विमोचन किया।

कॉमिक के स्वरूप में तैयार इस पुस्तक के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम लोगों को ओटीपी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया अपराध से बचने के तरीके बताए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन से लैस दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर साइबर सुरक्षा से जुड़े वीडियो संदेश प्रसारित करेंगे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर होर्डिंग-फ्लेक्स लगाने के साथ सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आइनॉक्स मल्टीप्लेक्स में अगले एक माह तक फिल्मों के शो के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े वीडियो भी दिखाए जाएंगे।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम में जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। साइबर जागरूकता पुस्तक को सरकारी और निजी विद्यालयों तक पहुंचाने और स्कूलों में विशेष सत्र आयोजित करने की योजना है। सरकारी विद्यालयों में साइबर मित्र नियुक्त करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान का लक्ष्य धनबाद की करीब 35 लाख आबादी को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना है। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम और ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल आयोजित की जाएगी। सभी सरकारी विद्यालयों में एक घंटे का विशेष साइबर जागरूकता सत्र भी प्रस्तावित है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

मौके पर डीएफओ विकास पालीवाल, रेल एसपी मोमल राजपुरोहित, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments