पटना : पटना जिले के पुनपुन-परसा बाजार रेलखंड के बीच पुल संख्या-21 पर बढ़ते जलस्तर के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने 4 सितंबर से डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी है। इसके चलते मंगलवार, 8 सितंबर को पटना-गया रेलखंड पर चलने वाली 10 मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
रेलवे के इस फैसले का सीधा असर पटना से जहानाबाद, गया, नवादा और औरंगाबाद की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है। पिछले तीन दिनों में 25 ट्रेनों के रद्द होने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी है। वहीं यात्रियों की परेशानी को कम करने के लिए रेलवे ने कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है।
8 सितंबर को ये 10 मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के अनुसार 8 सितंबर को ट्रेन संख्या 63242, 63258, 63245, 63396, 63248, 63243, 63259, 63393, 63250 और 63253 की गया-पटना और पटना-गया मेमू सेवाएं रद्द रहेंगी। इन ट्रेनों के रद्द रहने से पटना और गया के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इन एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया रूट
जलभराव के कारण 18625 पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस और 18626 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को निर्धारित मार्ग के बजाय बरकाकाना, करौंदा, राजगीर और तिलैया के रास्ते चलाया जाएगा।
इसी तरह 13329/13330 धनबाद-पटना-धनबाद एक्सप्रेस का परिचालन भी वैकल्पिक मार्ग से किया जाएगा। वहीं 15137/15138 राजगीर-बनारस एक्सप्रेस को पटना-गया रेलखंड के बजाय पटना-आरा-बक्सर-डीडीयू होकर चलाने का फैसला लिया गया है।
इसके अलावा 63390/63389 नवादा-पटना-नवादा मेमू और 63391/63392 इस्लामपुर-पटना-इस्लामपुर मेमू को धनियावां-फतुहा होकर चलाया जाएगा।
पुल पर लगातार नजर रख रहा रेलवे
रेलवे की ओर से पुल संख्या-21 पर जलस्तर और ट्रैक की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डाउन लाइन पर परिचालन फिलहाल बंद रखा गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जब तक पुल के आसपास जलस्तर सुरक्षित सीमा में नहीं आता और ट्रैक की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बहाल नहीं किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। बाढ़ और जलभराव के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव या रद्द होने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में यात्रियों को रेलवे की ओर से जारी ताजा सूचना के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।







