पटना : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार 69वें कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री कॉन्फ्रेंस (CPC) में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सम्मेलन का आयोजन दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में 13 से 19 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक में लिया हिस्सा
सम्मेलन में भाग लेने से पहले नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई। इसमें डॉ. प्रेम कुमार समेत प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में सम्मेलन के विभिन्न सत्रों, विषयों और भारत की ओर से रखे जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई।
जलवायु परिवर्तन पर रखेंगे विचार
डॉ. प्रेम कुमार सम्मेलन में “जलवायु अनुकूलन और लचीलापन बढ़ाने में संसदीय नेतृत्व की भूमिका” विषय पर अपने विचार रखेंगे। इस दौरान जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में संसद और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा होगी।
दुनियाभर के संसदीय प्रतिनिधि होंगे शामिल
69वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन “Strengthening International Law and Parliamentary Democracy in a Changing World Order: Commonwealth Leadership” थीम पर आयोजित हो रहा है। इसमें राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर, सांसद, संसदीय अधिकारी और शासन विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन में संसदीय लोकतंत्र, अंतरराष्ट्रीय कानून, सुशासन और बदलती वैश्विक व्यवस्था जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
कई महत्वपूर्ण बैठकें और कार्यशालाएं भी होंगी
मुख्य सम्मेलन के साथ CPA की जनरल असेंबली, विभिन्न कार्यशालाएं, स्मॉल ब्रांचेज कॉन्फ्रेंस और कॉमनवेल्थ वुमेन पार्लियामेंटेरियन्स सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में संसदीय संस्थाओं को मजबूत करने और लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।







