मुजफ्फरपुर: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के कॉलेजों और स्नातकोत्तर (PG) विभागों में नामांकन कराने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक और पीजी के सामान्य पाठ्यक्रमों में सभी वर्ग की छात्राओं और अनुसूचित जाति-जनजाति (SC-ST) वर्ग के छात्रों से नामांकन शुल्क नहीं लेने का निर्देश जारी किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस नियम का पालन सभी संबंधित कॉलेजों और पीजी विभागों में अनिवार्य रूप से किया जाए।
विश्वविद्यालय ने जारी किया आधिकारिक पत्र
लोकभवन के आदेश के आलोक में BRABU के कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा ने इस संबंध में आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह पत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और पीजी विभागाध्यक्षों को भेजा गया है।
निर्देश में कहा गया है कि सामान्य पाठ्यक्रमों में नामांकन लेने वाली छात्राओं तथा SC-ST वर्ग के छात्रों से निर्धारित नामांकन शुल्क नहीं लिया जाए।
फीस को लेकर होने वाले विवाद पर लगेगा विराम
उच्च शिक्षा में छात्राओं और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा देने के प्रावधान के बावजूद कई कॉलेजों में नामांकन के समय शुल्क लिए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसे लेकर हर सत्र में छात्र संगठनों और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद और हंगामे की स्थिति बनती थी।
विश्वविद्यालय के नए निर्देश के बाद ऐसे विवादों पर रोक लगने की उम्मीद है। कॉलेज प्रशासन को आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
नकद शुल्क लेने पर रोक
विश्वविद्यालय ने फीस जमा करने को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कॉलेजों और पीजी विभागों में किसी भी स्थिति में नकद शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों से लिया जाने वाला अन्य अनिवार्य शुल्क संस्थान के अधिकृत बैंक खाते में या ऑनलाइन QR Code के माध्यम से ही जमा किया जाएगा। इससे फीस भुगतान में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
पुरानी ली गई फीस भी होगी वापस
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुराने सत्रों के विद्यार्थियों को भी राहत देने की बात कही है। पिछले सत्रों में जिन छात्राओं और SC-ST वर्ग के विद्यार्थियों से गलती से नामांकन शुल्क लिया गया था, उनकी राशि वापस की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस राशि की प्रतिपूर्ति के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बजट स्वीकृत होने के बाद संबंधित राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी।
इस आदेश से BRABU के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में नामांकन लेने वाली छात्राओं और SC-ST वर्ग के विद्यार्थियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।







