पटना: पटना एयरपोर्ट पर रनवे के आसपास पक्षियों का झुंड नजर आने के बाद दिल्ली-पटना-दिल्ली सेक्टर की इंडिगो फ्लाइट (6E 2453) को सुरक्षा कारणों से वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया। विमान शाम करीब 4:15 बजे पटना पहुंचा था, लेकिन रनवे के पास पक्षियों की मौजूदगी के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने उसे लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विमान ने आसमान में करीब दो चक्कर लगाए। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ATC ने विमान को वाराणसी भेजने का फैसला लिया। विमान में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह समेत 167 यात्री सवार थे।
करीब दो घंटे बाद वाराणसी से पटना पहुंचा विमान
वाराणसी डायवर्ट किए जाने के बाद विमान शाम करीब 6:20 बजे दोबारा पटना पहुंचा। विमान के डायवर्ट होने और फिर पटना लौटने की वजह से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों के मुताबिक, उन्हें विमान के वापस आने का लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जिससे काफी परेशानी हुई। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, रनवे के आसपास मौजूद पक्षियों को हटाने के लिए पटाखे छोड़े गए। पक्षियों को हटाए जाने के बाद विमान परिचालन सामान्य किया गया।
24 अगस्त को भी सामने आया था बर्ड हिट का मामला
पटना एयरपोर्ट पर इससे पहले 24 अगस्त को भी बर्ड हिट की घटना सामने आई थी। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 से पक्षी टकरा गया था। अधिकारियों के अनुसार, विमान सुबह 7:43 बजे पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया था।
एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल लागू कर दिया था। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड समेत अन्य संबंधित सेवाओं को भी तैनात किया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, लैंडिंग से पहले पायलट ने रनवे के पास पहुंचते समय विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी के टकराने की आशंका जताई थी। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तकनीकी जांच की गई, जिसमें बर्ड हिट की पुष्टि हुई। हालांकि, जांच में इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं मिला।
जरूरी जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद विमान को वापस दिल्ली जाने की अनुमति दे दी गई। वहीं, 160 यात्रियों वाली वापसी की फ्लाइट AI 1852 में करीब 79 मिनट की देरी हुई। यह फ्लाइट निर्धारित समय सुबह 8:45 बजे के बजाय 10:09 बजे रवाना हुई।
17 अगस्त को भी बर्ड हिट से हुआ था नुकसान
इससे पहले 17 अगस्त को दिल्ली से पटना आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट भी बर्ड हिट का शिकार हुई थी। घटना में विमान को नुकसान पहुंचा था, जिसके कारण करीब दो दिनों तक उसकी उड़ान पर रोक लगी रही।
विमान की मरम्मत के लिए दिल्ली से इंजीनियरों की टीम को बुलाना पड़ा था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के कारण पटना एयरपोर्ट के रनवे और उसके आसपास पक्षियों की मौजूदगी एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है।







