Homeराज्यपटना में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तेज, 26 टीमें फील्ड में उतरीं;...

पटना में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तेज, 26 टीमें फील्ड में उतरीं; दुर्गा पूजा से पहले 15 हजार नई लाइटें

पटना : खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत को लेकर पटना नगर निगम ने काम तेज कर दिया है। स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतों का जल्द निपटारा करने और आगामी त्योहारों को देखते हुए फील्ड में टीमों की संख्या बढ़ाई गई है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने स्ट्रीट लाइट का रखरखाव कर रही कंपनी EESL के प्रतिनिधि के साथ बैठक कर शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए हैं।

26 टीमें फील्ड में सक्रिय

स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतों के जल्द समाधान के लिए फील्ड टीमों की संख्या 18 से बढ़ाकर 26 कर दी गई है। प्रत्येक टीम में ड्राइवर, बिजली मिस्त्री और हेल्पर सहित तीन सदस्य हैं। टीमों को बिजली के तार, स्विच, लाइट और सीढ़ी समेत जरूरी उपकरणों से लैस पिक-अप वैन उपलब्ध कराई गई है।

सभी टीमें पटना नगर निगम के कंट्रोल रूम के साथ समन्वय कर प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई कर रही हैं।

निगम की 5 अतिरिक्त टीमें भी कर रहीं निगरानी

नगर निगम के पांच बिजली मिस्त्री भी एक-एक सहायक के साथ फील्ड में जाकर पहले से लगी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर रहे हैं। खराब लाइटों की पहचान कर संबंधित टीमों को जानकारी दी जा रही है, ताकि मरम्मत का काम जल्द पूरा किया जा सके।

रोजाना 650 से 700 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत

नगर निगम के अनुसार वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 650 से 700 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जा रही है। बरसात के बाद मरम्मत और रखरखाव के काम में और तेजी लाने की तैयारी है, ताकि लंबित शिकायतों का जल्द निपटारा किया जा सके।

दुर्गा पूजा से पहले 10 से 15 हजार नई स्ट्रीट लाइट

बैठक में EESL को अतिरिक्त 10 से 15 हजार नई स्ट्रीट लाइटों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसी लाइटें जो मरम्मत के बाद भी बार-बार खराब हो रही हैं, उन्हें बदलने की कार्रवाई की जाएगी।

आगामी त्योहारों के दौरान जरूरत को देखते हुए पर्याप्त संख्या में नई स्ट्रीट लाइट उपलब्ध रखने को भी कहा गया है।

33 जगहों पर हाई मास्ट लाइट का काम पूरा

स्ट्रीट लाइट के साथ शहर में हाई मास्ट लाइट लगाने का काम भी जारी है। अब तक 33 स्थलों पर हाई मास्ट लाइट का काम पूरा हो चुका है। निगम के अनुसार बाकी पांच स्थलों पर भी काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments