बेगूसराय : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दो निर्दलीय विधान पार्षदों (MLC) के भाजपा में शामिल होने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता जाना तय है। उन्होंने गैर-संवैधानिक काम किया है और भाजपा की सरकार भी उनकी सदस्यता नहीं बचा सकती।
प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘क्राइम और अपराध’ को लेकर दिए गए बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब आप सातवीं फेल व्यक्ति को नेता बनाएंगे, तो उनसे ऐसी ही अपेक्षा रख सकते हैं। वे हर 5-10 दिन में जनता को हंसने का अवसर दे देते हैं। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
मधुबनी की घटना पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हुआ जन सुराज
वहीं, मधुबनी में हुई घटना को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि जन सुराज का एक प्रतिनिधिमंडल आज पीड़ित परिवार से मिला है। प्रतिनिधिमंडल से मिली जानकारी और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जो भी जरूरी कदम होंगे, जन सुराज उन्हें उठाएगा।
प्रशांत किशोर के इन बयानों से बिहार की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।







