पटना: पटना नगर निगम की ओर से संपत्ति कर बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे डोर-टू-डोर संपर्क और जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को एक दिन में 200 से अधिक नई संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया। अभियान के दौरान सबसे अधिक नूतन राजधानी अंचल में 60 से अधिक संपत्तियों का कर निर्धारण हुआ। वहीं अजीमाबाद में 33, बांकीपुर में 17, कंकड़बाग में 36, पाटलिपुत्र में 40 और पटना सिटी में 16 नई संपत्तियों को कर के दायरे में लाया गया।
अभियान के दौरान 54 संपत्ति मालिकों ने मौके पर ही संपत्ति कर का भुगतान किया। इसके अलावा 45 संपत्तियों का स्व-कर पुनर्निर्धारण किया गया। फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान विसंगतियां मिलने पर 28 संपत्तियों का पेनाल्टी सहित दोबारा कर निर्धारण भी किया गया।
एक दिन में 74.72 लाख रुपये संपत्ति कर प्राप्त
नगर निगम के सभी अंचलों में चलाए जा रहे अभियान के परिणामस्वरूप शुक्रवार को कुल 832 संपत्तियों से करीब 74.72 लाख रुपये संपत्ति कर प्राप्त हुआ। अंचलवार आंकड़ों के अनुसार अजीमाबाद से करीब 7.42 लाख रुपये, बांकीपुर से 8.09 लाख रुपये, कंकड़बाग से 12.80 लाख रुपये, नूतन राजधानी से 23.96 लाख रुपये, पाटलिपुत्र से 19.19 लाख रुपये और पटना सिटी से करीब 3.25 लाख रुपये संपत्ति कर प्राप्त हुआ।
रविवार को भी खुले रहेंगे टैक्स काउंटर
आम लोगों की सुविधा को देखते हुए पटना नगर निगम के सभी टैक्स काउंटर रविवार को भी खुले रहेंगे। नागरिक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक अपने नजदीकी टैक्स काउंटर पर जाकर संपत्ति कर का भुगतान कर सकेंगे।
कहां-कहां खुलेगा टैक्स काउंटर
अजीमाबाद अंचल: मीना बाजार, गुलजारबाग, पटना सिटी
पटना सिटी अंचल: मीना बाजार, गुलजारबाग, पटना सिटी
बांकीपुर अंचल: सामुदायिक भवन, वार्ड-38, कदमकुआं मेन रोड, मछली गली के पास
कंकड़बाग अंचल: टेम्पो स्टैंड के पास, कंकड़बाग
नूतन राजधानी अंचल: रूम नंबर-5, जीएसटी भवन के सामने, वीर चंद पटेल मार्ग
पाटलिपुत्र अंचल: सिन्हा लाइब्रेरी के सामने, छज्जूबाग रोड, छज्जूबाग
30 सितंबर से पहले कर निर्धारण कराने की अपील
पटना नगर निगम की ओर से अभियान के तहत अभी तक कर के दायरे से बाहर रह गई संपत्तियों का डोर-टू-डोर सर्वे और कर निर्धारण किया जा रहा है। कई जगह संपत्ति मालिक के घर या प्रतिष्ठान पर मौजूद नहीं रहने अथवा जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण फील्ड टीम को एक ही स्थान पर अधिक समय लग रहा है।
नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिन संपत्तियों का अभी तक कर निर्धारण नहीं हुआ है, उनके मालिक संबंधित अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी या राजस्व पदाधिकारी से संपर्क कर समय निर्धारित कर लें। साथ ही कर निर्धारण से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और संपत्ति कर भुगतान की व्यवस्था भी साथ रखें।
नगर निगम के अनुसार इससे फील्ड टीम को कर निर्धारण और भुगतान की प्रक्रिया कम समय में पूरी करने में मदद मिलेगी। साथ ही अधिक से अधिक संपत्ति मालिक 30 सितंबर की निर्धारित समय-सीमा से पहले इस अभियान का लाभ उठा सकेंगे।







