पटना : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पार्टी के MLC उम्मीदवार अनुज सिंह पर लगे आरोपों को लेकर बड़ा बयान दिया है। PK ने कहा कि अगर अनुज सिंह के खिलाफ FIR या कोर्ट के माध्यम से कोई मामला सामने आता है, तो पार्टी उचित कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि MLC और MLA चुनाव के लिए जन सुराज अपने सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेगा।
प्रशांत किशोर ने चिराग पासवान के अपराध को लेकर दिए बयान पर भी सरकार को घेरा। PK ने कहा कि बिहार के मतदाताओं को समझना चाहिए कि उनके वोट से अनपढ़-अपराधी व्यक्ति मुख्यमंत्री बना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में वोट देकर भाजपा सरकार पर लगाम लगाने की बात कही गई, उसी तरह पढ़े-लिखे स्नातक और शिक्षक मतदाताओं को सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले NDA को वोट नहीं देना चाहिए। PK ने यह भी कहा कि RJD और जंगलराज वालों को वोट देने का सवाल ही नहीं है।
प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जन सुराज वर्ष 2021 से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता आया है। PK के मुताबिक, वोटर लिस्ट, चुनाव की तारीख, आचार संहिता और चुनाव के दौरान पैसे बांटने जैसे मामलों में आयोग के फैसले सत्तारूढ़ दल के पक्ष में रहते हैं। उन्होंने कहा कि जन सुराज इन मुद्दों को लगातार उठाता रहा है और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की मांग करता रहा है।







