पटना: बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने सोनिया गांधी द्वारा नीतीश कुमार को ‘गद्दार’ कहे जाने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को नीतीश कुमार को पहचानने में गलती हुई है और उन्हें इस बात का पछतावा हो रहा है। मदन सहनी ने कहा कि अगर कांग्रेस नीतीश कुमार के नेतृत्व में चलती, तो आज देश की तस्वीर कुछ और देखने को मिलती।
SIR को लेकर विपक्ष के विरोध पर भी मंत्री मदन सहनी ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद कहीं एक साल तो कहीं छह महीने बाद विपक्ष इस मुद्दे को उठा रहा है। जनता ने जिसे वोट दिया, उसी ने सरकार बनाई है। उन्होंने विपक्ष से अपनी पार्टी को देखने की बात कही और चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाने की सलाह दी।
बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर मदन सहनी ने कहा कि सरकार पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। यदि स्थिति और खराब होती है तो राहत और बचाव कार्य को और तेज किया जाएगा। सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, अनंत सिंह द्वारा जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग इधर-उधर आते-जाते रहते हैं, यह कोई चिंता का विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन सभी चीजों को देख रही है और एनडीए उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
मदन सहनी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पार्टी के खिलाफ काम करता है, तो पार्टी स्तर पर इस पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में अंतिम फैसला पार्टी ही करेगी।







