Homeराज्यपटना में लगेंगी 7,500 नई स्ट्रीट लाइटें, त्योहार से पहले हर वार्ड...

पटना में लगेंगी 7,500 नई स्ट्रीट लाइटें, त्योहार से पहले हर वार्ड में 100-100 लाइट लगाने का निर्देश

पटना : पटना नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए 7,500 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने त्योहारों से पहले शहर के सभी 75 वार्डों में 100-100 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्देश दिया है।

नगर निगम के इस कदम का उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों के साथ-साथ आंतरिक गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को रात के समय आवागमन में सुविधा और सुरक्षा मिल सके।

वार्ड पार्षदों के सुझाव और सर्वे के आधार पर तय होंगे स्थान

नई स्ट्रीट लाइटों के लिए जगहों का चयन संबंधित वार्ड पार्षदों से मिले सुझावों और नगर निगम की ओर से कराए गए आंतरिक सर्वे के आधार पर किया गया है। ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां वर्तमान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है।

इसके तहत मुख्य सड़कों के अलावा आंतरिक गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती का काम भी जारी

नई लाइटें लगाने के साथ ही पहले से लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती और खराब लाइटों को बदलने का काम भी जारी है। इसके लिए नगर निगम की तीन सदस्यीय 26 टीमें क्षेत्र में सक्रिय हैं।

ये टीमें खराब स्विच, वायरिंग और अन्य तकनीकी समस्याओं की जांच कर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दोबारा चालू कर रही हैं। जिन लाइटों की मरम्मती संभव नहीं है, उन्हें हटाकर नई लाइटें लगाई जा रही हैं।

नगर निगम के अनुसार, इस व्यवस्था से स्ट्रीट लाइट से जुड़ी नागरिकों की शिकायतों का भी तेजी से समाधान किया जा रहा है।

त्योहारों से पहले प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

पटना नगर निगम की ओर से नई स्ट्रीट लाइट लगाने और पुरानी लाइटों की मरम्मती के जरिए शहर की प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। त्योहारों के मद्देनजर नगर निगम का फोकस शहर के सभी वार्डों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने पर है, जिससे लोगों को रात में सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

स्ट्रीट लाइट की शिकायत कहां करें?

पटना नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्या होने पर नागरिक निगम के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

टोल फ्री नंबर: 155304
WhatsApp Chatbot: 9264447449

दोनों माध्यमों से स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायत निशुल्क दर्ज कराई जा सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments