Homeराज्यपटना में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती मिशन मोड में जारी, 12,500 से...

पटना में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती मिशन मोड में जारी, 12,500 से ज्यादा लाइटें हुईं दुरुस्त

पटना : शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट मरम्मती अभियान तेज कर दिया है। मिशन मोड में चल रहे इस अभियान के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में खराब स्ट्रीट लाइट, वायर, स्विच और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों को दुरुस्त किया जा रहा है।

नगर निगम की टीमें सभी अंचलों में लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। वर्तमान में रोजाना औसतन 500 से 550 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती की जा रही है। अब तक अभियान के तहत 12,500 से ज्यादा स्ट्रीट लाइटों को दोबारा चालू किया जा चुका है। इनमें 2,300 से ज्यादा नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जबकि 10 हजार से अधिक लाइटों में वायर, स्विच और अन्य तकनीकी समस्याओं को ठीक किया गया है।

बार-बार खराब होने वाली लाइटें होंगी रिप्लेस

नगर आयुक्त यशपाल मीणा लगातार स्ट्रीट लाइट मरम्मती कार्य की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि जो लाइटें बार-बार खराब हो रही हैं, उन्हें बार-बार रिपेयर करने के बजाय नई लाइट से रिप्लेस किया जाए। इससे एक ही जगह पर बार-बार लाइट खराब होने की समस्या को कम किया जा सकेगा।

भद्र घाट और महावीर घाट का पहुंच पथ रोशन

अभियान के तहत शहर के प्रमुख और सार्वजनिक स्थानों की प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है। भद्र घाट और महावीर घाट के पहुंच पथ की स्ट्रीट लाइटों को ठीक कर दिया गया है। इससे रात के समय इन घाटों की ओर आने-जाने वाले लोगों को बेहतर रोशनी मिलेगी।

इसके अलावा प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय से राजापुर पुल तक स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया है। वहीं ऑफिसर्स फ्लैट, छज्जूबाग, भट्टाचार्या रोड, बुद्ध मार्ग और गाय घाट गुरुद्वारा से सिविल कोर्ट तक के अलग-अलग हिस्सों में भी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती की गई है।

31 तक फील्ड में सक्रिय हैं टीमें

स्ट्रीट लाइट की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम की 26 से 31 फील्ड टीमें लगातार काम कर रही हैं। ये टीमें नागरिकों की शिकायतों के साथ-साथ फील्ड निरीक्षण में चिन्हित खराब लाइटों को भी ठीक कर रही हैं। निगम का लक्ष्य शिकायतों के निपटारे में लगने वाले समय को कम से कम रखना है।

हर वार्ड में लगेंगी 100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें

पटना की प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने हर वार्ड में 100-100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना भी तैयार की है। इसके तहत सभी वार्डों में अतिरिक्त प्रकाश बिंदुओं की पहचान कर जरूरत के मुताबिक नई लाइटें लगाई जाएंगी।

नगर निगम ने लोगों से भी स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं की जानकारी देने की अपील की है। नागरिक टोल फ्री नंबर 155304 और WhatsApp चैटबॉट नंबर 92644 47449 के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments