डेस्क : समस्तीपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। 1 नवंबर 2026 को एस. के. मंडल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया गया। एस. के. मंडल फाउंडेशन के अध्यक्ष एस. के. मंडल और सचिव मोनी रानी ने संयुक्त रूप से अस्पताल का उद्घाटन किया।
अस्पताल का उद्देश्य लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है। इसके लिए अनुभवी चिकित्सकों की टीम, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन के मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष एस. के. मंडल ने कहा कि चिकित्सा को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम बनाना उनका लक्ष्य है। उनकी प्राथमिकता है कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी भी व्यक्ति को बेहतर इलाज से वंचित न रहना पड़े।
वहीं, फाउंडेशन की सचिव मोनी रानी ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और आधुनिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
अस्पताल में जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, लैप्रोस्कोपी, हृदय रोग, यूरोलॉजी और एनेस्थीसिया समेत कई चिकित्सा विभागों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था भी की गई है।
अस्पताल की प्रमुख सुविधाओं में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, 24 घंटे इमरजेंसी सेवा और 24×7 एंबुलेंस सेवा शामिल हैं। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों से अस्पताल आने-जाने हेतु बस सेवा भी शुरू की गई है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और सेवाभाव के जरिए समस्तीपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।







