Home राज्य पटना के घाटों पर तैयारियां तेज, सभी घाटों पर लगेंगे लाइट टावर;...

पटना के घाटों पर तैयारियां तेज, सभी घाटों पर लगेंगे लाइट टावर; 33 हजार स्ट्रीट लाइट की हुई मरम्मत

0

पटना : छठ महापर्व 2026 को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां तेज हो गई हैं। पटना नगर निगम की ओर से गंगा घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। सभी चिह्नित घाटों को निर्धारित समयसीमा के भीतर छठ पूजा के अनुकूल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा खुद तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, महेंद्रू घाट और बांस घाट के पहुंच पथों को दुरुस्त करने के साथ सभी घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।

महेंद्रू और बांस घाट के रास्तों को किया जा रहा दुरुस्त

छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महेंद्रू घाट के पहुंच पथ को समतल किया जा रहा है। इसके लिए बालू और अन्य आवश्यक सामग्री डालकर जेसीबी की मदद से रास्ते को दुरुस्त किया जा रहा है। घाट तक जाने वाले पूरे मार्ग की डीप क्लीनिंग भी पूरी कर ली गई है।

वहीं, बांस घाट के अंडरपास में जमा गाद को हटाने का काम जारी है। मेट्रो निर्माण एजेंसी की ओर से रखी गई निर्माण सामग्री को हटाकर रास्ते का चौड़ीकरण किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को आने-जाने में परेशानी न हो। इसके अलावा घाट पर सीढ़ियों का निर्माण और अन्य जरूरी कार्य भी कराए जा रहे हैं।

सभी छठ घाटों पर बनेंगे लाइट टावर, लगेंगी 4-5 फ्लड लाइटें

छठ पूजा के दौरान घाटों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था के लिए पटना नगर निगम ने सभी घाटों पर लाइट टावर का निर्माण शुरू करा दिया है। प्रत्येक लाइट टावर पर चार से पांच फ्लड या मेटल लाइट लगाई जाएंगी। इसके साथ ही घाटों और पहुंच पथों पर पहले से मौजूद 50 हाईमास्ट लाइट और करीब 22 हजार स्थायी स्ट्रीट लाइट की भी लगातार निगरानी की जा रही है।

खराब लाइटों की पहचान कर तत्काल मरम्मत कराई जा रही है, ताकि अंधेरे के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

तीन महीने में 33 हजार स्ट्रीट लाइट की मरम्मत

पटना शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत पिछले तीन महीनों में करीब 33 हजार स्ट्रीट लाइट की मरम्मत की गई है। वहीं, खराब पाई गई 6 हजार से अधिक लाइटों को बदलकर नई लाइटें लगाई गई हैं।

इस अभियान में निगम की 25 से 26 टीमें प्रतिदिन फील्ड में काम कर रही हैं। ये टीमें लाइटों के स्विच, वायर, बल्ब और अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच कर जरूरी मरम्मत कर रही हैं।

पटना के सभी 75 वार्डों में लगेंगी 100-100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट

शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था मजबूत करने के लिए पटना नगर निगम ने सभी 75 वार्डों में 100-100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल की है। पहले चरण में सभी वार्डों के लिए 1,800 लाइट उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, दूसरी खेप अगले दो दिनों में सफाई निरीक्षकों को सौंप दी जाएगी। इसके बाद चिह्नित स्थानों पर लाइटें लगाई जाएंगी।

कई घाटों पर गंगा का जलस्तर सामान्य से अधिक, प्रशासन की नजर

छठ पूजा की तैयारियों के बीच गंगा के जलस्तर को लेकर भी नगर निगम सतर्क है। कलेक्ट्रेट घाट, लोहरवा घाट, हनुमान घाट, गाय घाट और कंटाही घाट समेत कई घाटों पर गंगा का जलस्तर फिलहाल अर्घ्य देने के लिहाज से सामान्य से अधिक बताया गया है।

नगर निगम की टीमें इन घाटों पर जलस्तर की लगातार निगरानी कर रही हैं। जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर घाटों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों की सुरक्षा के लिए समय रहते जरूरी इंतजाम किए जा सकें।

छठ महापर्व को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पटना नगर निगम की ओर से घाटों से लेकर शहर की सड़कों तक साफ-सफाई, रोशनी और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का अभियान जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

छठ से पहले पटना में सुरक्षा का मेगा प्लान, 458 घाटों पर तैयारी तेज; 60 कृत्रिम तालाब भी बनेंगे

Exit mobile version