Home राज्य दीपावली पर पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अग्निशमन वाहन रहेंगे अलर्ट;...

दीपावली पर पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अग्निशमन वाहन रहेंगे अलर्ट; अस्पतालों में बर्न वार्ड तैयार रखने का निर्देश

0

पटना : दीपावली पर्व को लेकर पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा, अग्निशमन और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दीपावली के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में दीपावली के अवसर पर जहां भी मूर्तियों की स्थापना की जाती है, वहां विधिवत लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही इसकी अनुमति दी जाएगी। अग्निशमन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच कराने तथा उन्हें हर समय अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है।

अस्पतालों में बर्न वार्ड और इमरजेंसी सुविधाएं रहेंगी तैयार

दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की उपस्थिति, जरूरी दवाओं और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

जिन अस्पतालों में बर्न वार्ड की सुविधा उपलब्ध है, उन्हें अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिन अस्पतालों में बर्न वार्ड नहीं हैं, वहां भी एहतियातन आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है। आपातकालीन स्थिति में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन और डीपीएम, हेल्थ को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मूर्ति विसर्जन जुलूस की होगी वीडियोग्राफी

पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने मूर्ति विसर्जन को लेकर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर विसर्जन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने और शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा रात 10 बजे के बाद पटाखों के इस्तेमाल पर यथासंभव रोक लगाने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।

प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की अपील

प्रशासन की ओर से लोगों को पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के निर्देशों के आलोक में आम नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और पर्व के दौरान लगातार सतर्क रहने का निर्देश दिया है, ताकि दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

प्रशांत किशोर का भाजपा पर हमला, बोले- दोनों निर्दलीय MLC की सदस्यता जाना तय, सरकार भी नहीं बचा सकती

Exit mobile version