Homeराज्यबिहार में ट्रैफिक चालान जमा करना होगा और आसान, 16 नवंबर से...

बिहार में ट्रैफिक चालान जमा करना होगा और आसान, 16 नवंबर से गूगल पे-फोन पे से कर सकेंगे भुगतान

पटना : बिहार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जारी होने वाले ई-चालान का भुगतान अब और आसान होने जा रहा है। वाहन मालिक जल्द ही गूगल पे, फोन पे, पेटीएम और इंटरनेट बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों से घर बैठे ट्रैफिक चालान की राशि जमा कर सकेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग ने भारत बिल पेमेंट सिस्टम (बीबीपीएस) प्लेटफॉर्म विकसित किया है। इसे 16 नवंबर से लाइव करने की तैयारी है।

परिवहन विभाग में गुरुवार को बीबीपीएस प्लेटफॉर्म का डेमोस्ट्रेशन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने तय समय सीमा के भीतर प्लेटफॉर्म को शुरू करने और डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। परिवहन विभाग की डिजिटल भुगतान व्यवस्था से इसे जोड़ने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के माध्यम से एपीआई इंटीग्रेशन का काम पूरा कर लिया गया है।

बैठक के दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म की टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। अब इसे 16 नवंबर से आम लोगों के लिए शुरू करने की योजना है।

एक ही प्लेटफॉर्म से होगा डिजिटल भुगतान

बीबीपीएस प्लेटफॉर्म शुरू होने के बाद वाहन चालकों को ट्रैफिक चालान जमा करने के लिए अलग-अलग प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ेगा। वे अपने पसंदीदा डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से चालान की राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी होगी। साथ ही लोगों का समय भी बचेगा।

चालान जमा करने के लिए कार्यालय जाने की जरूरत नहीं

परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता परिवहन सेवाओं को तकनीक आधारित, पारदर्शी और आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना है। भारत बिल पेमेंट सिस्टम के माध्यम से ट्रैफिक चालान भुगतान की सुविधा शुरू होने से वाहन मालिकों को काफी सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि अब लोगों को चालान जमा करने के लिए किसी कार्यालय या निर्धारित पोर्टल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे गूगल पे, फोन पे और पेटीएम जैसे डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से घर बैठे भुगतान कर सकेंगे। विभाग का लक्ष्य परिवहन से जुड़ी अधिक से अधिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है।

आगे परिवहन विभाग की अन्य सेवाएं भी जुड़ेंगी

राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि बीबीपीएस प्लेटफॉर्म के माध्यम से शुरुआती चरण में ट्रैफिक चालान भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आने वाले दिनों में परिवहन विभाग की भुगतान से संबंधित अन्य सेवाओं को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना है।

इससे आम नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा मिल सकेगी। विभाग का प्रयास है कि तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, त्वरित और नागरिकों के अनुकूल बनाया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments