Homeराज्यPM के संभावित दौरे को लेकर वैशाली में हाईलेवल निरीक्षण, मुख्य सचिव...

PM के संभावित दौरे को लेकर वैशाली में हाईलेवल निरीक्षण, मुख्य सचिव और DGP ने लिया तैयारियों का जायजा

वैशाली/हाजीपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित बिहार दौरे और कार्यक्रम को लेकर वैशाली जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बिहार के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मुख्यमंत्री के सचिव, तिरहुत रेंज के डीआईजी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के बहसी गांव के पास प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी बुनियादी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए हेलीपैड निर्माण, मंच की व्यवस्था, सुरक्षा घेरे, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम में संभावित भीड़ और वीवीआईपी आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का आकलन किया।

इस दौरान जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिक्स लेन पुल के उद्घाटन का संभावित कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेना और तैयारियों की संभावनाओं को परखना है।

हाईलेवल निरीक्षण में राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से कार्यक्रम की तैयारियों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। वहीं, कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों, वाहनों की आवाजाही और आम लोगों की सुविधा से जुड़े पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

फिलहाल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों और निरीक्षण का सिलसिला शुरू हो गया है। अब सभी की नजरें प्रधानमंत्री के दौरे की आधिकारिक घोषणा और कार्यक्रम की तारीख पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments