Home राज्य दिवाली और छठ को लेकर पटना में अग्निशमन विभाग अलर्ट, 48 जगहों...

दिवाली और छठ को लेकर पटना में अग्निशमन विभाग अलर्ट, 48 जगहों पर तैनात होंगी दमकल गाड़ियां; 50 से अधिक अवैध पटाखा दुकानें चिह्नित

0

पटना : दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बिहार अग्निशमन सेवा ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पटना जिले के सभी फायर स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। महानिदेशक सह महासमादेष्टा और निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

50 से अधिक अवैध पटाखा दुकानें चिह्नित

बिहार अग्निशमन सेवा की टीम ने पिछले सात दिनों में पटना जिले में सघन जांच अभियान चलाया है। इस दौरान 50 से अधिक ऐसी पटाखा दुकानों को चिह्नित किया गया है, जो बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थीं।

इन सभी दुकानों को सील करने के लिए अग्निशमन सेवा की ओर से संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को अनुशंसा भेजी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पटना के 48 रणनीतिक स्थानों पर दमकल गाड़ियों की तैनाती

त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों और झुग्गी-झोपड़ियों में आग लगने की आशंका को देखते हुए पटना जिले में 48 रणनीतिक स्थानों पर अग्निशामक वाहनों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इन स्थानों में बहादुरपुर थाना, सुलतानगंज थाना, गायघाट, दिनकर गोलंबर, डाक बंगला, सगुना मोड़, रामजानकी मंदिर, गोलापर और आईजीआईएमएस सहित कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

इस पूरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए 450 से अधिक अग्निशमन पदाधिकारियों और कर्मियों को फील्ड में तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

चार दिनों तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

अग्निशमन विभाग की ओर से अगले चार दिनों तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी फायर स्टेशन ऑफिसर फील्ड में रहकर संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण करेंगे।

झुग्गी-झोपड़ियों, घने बाजारों, लकड़ी के टालों और अस्थायी पटाखा बाजारों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित मॉकड्रिल आयोजित की जा रही है। इसके साथ ही बैनर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को दीपावली और छठ पूजा के दौरान आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

बिहार अग्निशमन सेवा ने आम लोगों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षित तरीके से दीपावली एवं छठ पूजा मनाएं। पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम के इन नंबरों पर सूचना दें:

  • 7485805821

  • 9031841732

  • 101

  • 112

विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बिहार अग्निशमन सेवा की टीमें पूरी तरह तैयार हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

Election Commission: चुनाव आयोग का 6 राज्यों में SSR शुरू करने का ऐलान, 21 जनवरी को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट; जानें पूरी प्रक्रिया

Exit mobile version