Homeराज्यछठ महापर्व 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया...

छठ महापर्व 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना में गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्टीमर के माध्यम से नासरीगंज घाट से निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रियेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट और गायघाट से भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक विभिन्न घाटों की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा और बैरिकेडिंग पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों पर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गंगा नदी के जलस्तर और पानी के तेज प्रवाह को देखते हुए घाटों के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और गंगा किनारे की सड़कों पर भी आवश्यक बैरिकेडिंग कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान माइकिंग के जरिए घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सूचनाओं की जानकारी श्रद्धालुओं को लगातार दी जाए।

ट्रैफिक और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ घाटों तक पहुंचने के लिए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। घाटों पर साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

103 घाटों में 91 सुरक्षित, 5 खतरनाक

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 छठ घाट हैं। इनमें 91 घाट सुरक्षित घोषित किए गए हैं, जबकि 5 घाट खतरनाक हैं और 7 घाटों पर अभी काम जारी है। प्रशासन की ओर से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं।

21 सेक्टरों में बांटी गई निगरानी की जिम्मेदारी

छठ घाटों पर सुरक्षा, व्यवस्था और तैयारियों की निगरानी के लिए 21 सेक्टर गठित किए गए हैं। इनमें अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो विभिन्न विभागों और कार्य एजेंसियों की ओर से किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण और पर्यवेक्षण करेंगे।

पटना नगर निगम की ओर से 92 घाटों और 103 तालाबों को भी छठ महापर्व के लिए तैयार किया जा रहा है। इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल हैं।

कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक रत्नेश कुमार और संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि छठ व्रती पूरी श्रद्धा और सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments