पटना : मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज को मिलीं 44 अतिरिक्त PG सीटेंपटना : बिहार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने 44 अतिरिक्त पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सीटों की मंजूरी दी है। इसके साथ ही संस्थान में PG सीटों की संख्या 74 से बढ़कर 118 हो गई है।
इस उपलब्धि से बिहार के मेडिकल छात्रों को उच्च चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही, भविष्य में राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
संस्थान के चेयरमैन एम. एम. सिंह और प्राचार्य डॉ. हरिहर दीक्षित के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल हुई है। संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्ण मुरारी ने इस पर खुशी जताते हुए कहा कि 44 अतिरिक्त PG सीटों की स्वीकृति मिलना केवल कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। इससे मेडिकल विद्यार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
NMC की मंजूरी के तहत एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, रेडियोलॉजी और एनेस्थीसियोलॉजी समेत कई विभागों में PG सीटों की संख्या बढ़ाई गई है।
इसके अलावा कॉलेज को तीन नए विषयों में PG पाठ्यक्रम शुरू करने की भी अनुमति मिली है। इनमें कम्युनिटी मेडिसिन, फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी (FMT) और रेस्पिरेटरी मेडिसिन यानी टीबी एवं चेस्ट विभाग शामिल हैं। इन तीनों विभागों में 4-4 PG सीटों को मंजूरी दी गई है।
इस विस्तार से संस्थान की शैक्षणिक क्षमता में बढ़ोतरी होगी। बिहार समेत देश के अन्य राज्यों के मेडिकल स्नातकों को विशेषज्ञ डॉक्टर बनने के लिए अधिक अवसर मिलेंगे। संस्थान प्रबंधन ने इसे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
एक नजर में उपलब्धि
– पहले PG सीटें: 74
– अतिरिक्त स्वीकृत सीटें: 44
– अब कुल PG सीटें: 118
– नए PG विभाग: 3







