सारण : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सारण जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से पूरे मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए खाली जमीनों पर व्यवस्थित पार्किंग स्पेस विकसित करने के कड़े निर्देश दिए।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पहलेजा घाट और कालीघाट पर जुटने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग और कुशल भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। साथ ही, स्नान घाटों पर खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री के संभावित सोनपुर आगमन के मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को समयसीमा के भीतर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया है। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता देश-विदेश के पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।







