Homeराज्यमहादलित बस्ती में CM सम्राट ने मनाई दीपावली, लोगों को दिए उपहार;...

महादलित बस्ती में CM सम्राट ने मनाई दीपावली, लोगों को दिए उपहार; 125 यूनिट मुफ्त बिजली पर भी किया बड़ा ऐलान

पटना : दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक अलग अंदाज में त्योहार मनाया। मुख्यमंत्री दीघा-आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी की प्रतिमा के सामने पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पास की महादलित बस्ती में पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बस्ती के लोगों से मुलाकात की, उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भी भेंट किए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से शामिल हों। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में शामिल होना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने बिहार के सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से भी अपील की कि वे आदिवासी, अनुसूचित जाति और अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच जाकर त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि दीपावली सिर्फ रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है।

वहीं, मुख्यमंत्री ने बिहार के बिजली उपभोक्ताओं को मिल रही मुफ्त बिजली की सुविधा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के 1 करोड़ 92 लाख परिवारों को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जो संपन्न बिजली उपभोक्ता स्वेच्छा से सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए आगामी 1 दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री बिहार आएंगे। उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने की उम्मीद है, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हर साल जवानों के बीच दीपावली मनाने की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री इस बार नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात सभी जवानों को भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments