Home राज्य BDO-C0 से धक्का-मुक्की, BDO का हाथ फ्रैक्चर; थाने पर 150 लोगों ने...

BDO-C0 से धक्का-मुक्की, BDO का हाथ फ्रैक्चर; थाने पर 150 लोगों ने किया हंगामा, तोड़फोड़ का आरोप

0

सीवान। बिहार के सीवान जिले के गोरेयाकोठी बाजार में दीपावली की पूर्व संध्या पर अतिक्रमण हटाने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को पीछे करने की समझाइश देने पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) डॉ. अभय कुमार और अंचलाधिकारी (CO) अतुल कुमार सिंह के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान बीडीओ सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनका दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं, सीओ को भी चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया। इसके विरोध में देर रात करीब 100 से 150 महिला-पुरुष गोरेयाकोठी थाना पहुंच गए और घेराव कर हंगामा करने लगे। पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने थाना परिसर में तोड़फोड़ की और हाजत में बंद युवकों को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया।

सड़क से दुकानें हटाने के दौरान शुरू हुआ विवाद

बीडीओ डॉ. अभय कुमार की ओर से थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, शनिवार की शाम वह सीओ अतुल कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार और सशस्त्र बल के जवानों के साथ गोरेयाकोठी बाजार पहुंचे थे। दीपावली के कारण बाजार में काफी भीड़ थी। सड़क किनारे मिठाई, मूर्ति और अन्य सामान की अस्थायी दुकानें लगी हुई थीं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।

अधिकारियों ने दुकानदारों को सड़क से पीछे हटकर दुकान लगाने की समझाइश दी। इसके बाद अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें पीछे कर लीं। इसी दौरान अभिषेक कुमार यादव और कृष्ण प्रताप सिंह समेत चार-पांच अन्य लोग वहां पहुंच गए।

बीडीओ के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोनों युवक मोबाइल से वीडियो बनाने लगे और दुकानदारों को दुकान पीछे नहीं करने के लिए उकसाने लगे। इसके बाद अधिकारियों के साथ बहस और अभद्र व्यवहार शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान बीडीओ को धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया। सीओ को भी चोटें आईं।

दो युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक कुमार यादव और कृष्ण प्रताप सिंह को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद घायल बीडीओ और सीओ का इलाज गोरेयाकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।

बीडीओ ने दोनों युवकों समेत अन्य लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रविवार को दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

देर रात 150 लोगों ने किया थाने का घेराव

दो युवकों की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार रात करीब 9:45 बजे 100 से 150 की संख्या में महिला और पुरुष गोरेयाकोठी थाना पहुंच गए। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के बयान के अनुसार, भीड़ थाना कांड संख्या 282/26 के दोनों आरोपितों को छुड़ाने के लिए घेराव करने लगी।

पुलिसकर्मियों ने भीड़ को समझाने और रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने थाना परिसर में हंगामा करते हुए सिरिस्ता कक्ष में तोड़फोड़ की। इसके अलावा हाजत में बंद दोनों युवकों को जबरन छुड़ाने की कोशिश भी की गई।

पुलिस ने दर्ज की एक और प्राथमिकी

थानाध्यक्ष मनीष कुमार के बयान पर भी इस मामले में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। बयान में जितेंद्र कुमार को पकड़े जाने का उल्लेख है। पुलिस के अनुसार, भीड़ में दीपक कुमार कश्यप, दीपांशु कुमार, गोलू कुमार, भोलू कुमार, गुड्डू कुमार सिंह और राहुल कुमार समेत 100 से 150 अज्ञात महिला-पुरुष शामिल थे।

इन सभी पर पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार, सरकारी कार्य में बाधा डालने, थाना भवन में तोड़फोड़ करने और हाजत से आरोपितों को जबरन छुड़ाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गोरेयाकोठी बाजार और थाना परिसर में हुई इस अफरा-तफरी को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में दिखेगा शाही अंदाज, दामाद को मिलेगा ढाई करोड़ का डिफेंडर; 4 लाख मेहमानों के भोजन की तैयारी

Exit mobile version