कटिहार : जिले में हत्या और अपहरण के एक गंभीर मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-V, कटिहार की अदालत ने आजमनगर (सालमारी) थाना कांड संख्या 26/22 में सभी छह अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत के इस फैसले को अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
मामला 1 फरवरी 2022 का है। इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए और समय पर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। इसके बाद अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी ढंग से गवाहों और साक्ष्यों को अदालत के सामने पेश किया गया। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने सभी छह आरोपियों को दोषी माना और सजा का ऐलान किया।
अदालत ने जिन छह अभियुक्तों को उम्रकैद की सजा सुनाई है, उनमें शेखर सिंह, विभीषण कुंवर सिंह, प्रताप सिंह, मिथिलेश सिंह, मोहम्मद गुलजार और मोहम्मद इमाम शामिल हैं। सभी अभियुक्त कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के कमलाबाड़ी, दिघरिया गांव के रहने वाले हैं।
अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 364, 364(A) और 120(B) के तहत सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा धारा 365 और 201 के तहत सात-सात वर्ष के कारावास की सजा भी दी गई है।
सजा के साथ-साथ अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर प्रत्येक दोषी को छह महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
इस पूरे मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक रामविलास पासवान ने प्रभावी पैरवी की। वहीं, कटिहार पुलिस की ओर से समय पर चार्जशीट दाखिल करने और न्यायालय में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने की भूमिका भी अहम रही।
अदालत के इस फैसले के बाद एक बार फिर साफ संदेश गया है कि गंभीर आपराधिक मामलों में ठोस साक्ष्य और प्रभावी पैरवी के आधार पर दोषियों को सख्त सजा मिल सकती है। कटिहार में इस फैसले की चर्चा हो रही है।







