पटना : बिहार की राजनीति में एक-दूसरे पर तीखे हमले करने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 12 नवंबर को अचानक आमने-सामने आ गए। मौका था पूर्व राज्यसभा सांसद और SIS समूह के संस्थापक चेयरमैन डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा (RK Sinha) के श्राद्धकर्म और ब्रह्मभोज का। पटना के पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित उनके आवास अन्नपूर्णा भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी।
इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी, बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य समेत बिहार के कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां पहुंचीं। सभी ने दिवंगत आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान आरके सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा पल आया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। दरअसल, प्रशांत किशोर पहले ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वहां पहुंच गए। ऋतुराज सिन्हा मुख्यमंत्री का स्वागत करने आगे बढ़े, लेकिन उस वक्त उनका हाथ प्रशांत किशोर के हाथ में था। इसके बाद सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर आमने-सामने आए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत करते नजर आए।
इतना ही नहीं, इसके बाद दोनों नेता सोफे पर बैठकर चाय और कॉफी पीते भी दिखाई दिए। इस दौरान बगल में रोहिणी आचार्य भी मौजूद थीं। दोनों नेताओं की यह सहज मुलाकात कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद यह पहला मौका था, जब सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर इस तरह सार्वजनिक रूप से गर्मजोशी के साथ मिलते दिखाई दिए। पिछले काफी समय से प्रशांत किशोर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी लगातार सुर्खियों में रही है।
ऐसे में एक-दूसरे के राजनीतिक विरोधी माने जाने वाले दोनों नेताओं का हाथ मिलाना, मुस्कुराकर बातचीत करना और साथ बैठकर चाय-कॉफी पीना बिहार की सियासत में चर्चा का नया मुद्दा बन गया है।
हालांकि, यह मुलाकात एक निजी शोक और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसे राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के संकेत के तौर पर देखना फिलहाल जल्दबाजी होगी। लेकिन सवाल जरूर उठ रहा है कि क्या बिहार की राजनीति में तल्ख बयानबाजी के बीच रिश्तों की बर्फ पिघल रही है, या फिर यह महज एक सामाजिक कार्यक्रम में हुई शिष्टाचार मुलाकात थी?




Users Today : 117
Who's Online : 2