Home राज्य बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, CM सम्राट चौधरी बोले-...

बिहार में 2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, CM सम्राट चौधरी बोले- उद्यमी खुले दिल से करें निवेश; 5 साल में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य

0
7

पटना : बिहार को औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुक्रवार को पटना के होटल मौर्या में आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद’ एवं ‘एमओयू एक्सचेंज’ समारोह में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को लेकर विभिन्न कंपनियों और संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देशभर के निवेशकों और उद्यमियों से बिहार में निवेश करने तथा राज्य की विकास यात्रा में भागीदार बनने की अपील की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए पूरी तरह तैयार है। उद्यमी बिहार पर भरोसा करें और खुले दिल से निवेश करें। सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से विकास करना चाहता है और राज्य को देश के सबसे तेजी से औद्योगिक विकास करने वाले राज्यों की श्रेणी में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है। 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलना बिहार के प्रति उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे। उस समय विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। औद्योगिक विकास के साथ आधारभूत संरचना, ऊर्जा, शिक्षा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी मजबूत बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां पानी और जनसंख्या रही हैं। सरकार अब इन्हीं चुनौतियों को विकास की ताकत में बदलने की दिशा में काम कर रही है। उत्तर बिहार की नदियों से निकलने वाली गाद के वैज्ञानिक प्रबंधन और निर्माण कार्यों में उसके उपयोग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके अलावा बिहार को शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बड़े शैक्षणिक संस्थानों से बिहार में अपने संस्थान स्थापित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार एक बड़ा बाजार होने के साथ-साथ प्रतिभाओं का भी प्रमुख केंद्र है।

उन्होंने पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में इको-टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और भगवान बुद्ध से जुड़े धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास के साथ माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी में भी बड़े स्तर पर निर्माण और विकास कार्य किए जा रहे हैं। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

तीन दिनों में निवेश प्रस्तावों को मिलेगी मंजूरी

निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाया जा रहा है। निवेश से जुड़े प्रस्तावों को तीन दिनों के भीतर स्वीकृति देने की व्यवस्था की जा रही है। यदि निर्धारित समय में मंजूरी नहीं मिलती है तो 31वें दिन संबंधित प्रस्ताव को स्वतः स्वीकृत मान लिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य उद्यमियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से मुक्त कर राज्य में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है।

पांच साल में एक करोड़ लोगों को रोजगार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने रोजगार और महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और दो करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। अब अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार एवं सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और एक करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करते हुए लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश बढ़ने से युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

ऊर्जा और विमानन समेत कई क्षेत्रों में निवेश प्रस्ताव

समारोह में ऊर्जा, बिजली उत्पादन, बैटरी स्टोरेज, विमानन और औद्योगिक उत्पादन सहित कई क्षेत्रों की कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। प्रमुख प्रस्तावों में अडानी हाइड्रो एनर्जी-7 लिमिटेड और अडानी हाइड्रो एनर्जी-15 लिमिटेड की ओर से 9,900-9,900 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया। टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने 7,684.94 करोड़ और ग्रीनको एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड ने 5,400 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई।

इसके अलावा एनटीपीसी लिमिटेड और न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने 70-70 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए। फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया की ओर से 12,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया। वहीं, सीटीआरएलएस और रेनवियन (रामकी ग्रुप) ने 10-10 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए।

इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से 4,000 करोड़, सीपीए प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 3,500 करोड़, रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री लिमिटेड और राणा होल्डिंग लिमिटेड की ओर से 3-3 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया। बगमेनिया सेमीकॉन ने 2,000 करोड़ और किविसा ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे नई फैक्ट्रियां और औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सरकार का प्रयास है कि बिहार निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य स्तरीय बालिका बास्केटबॉल में मगध प्रमंडल का दबदबा, अंडर-14 और अंडर-17 का खिताब जीता; अंडर-19 में पटना बना चैंपियन राज्य

राज्य स्तरीय बालिका बास्केटबॉल में मगध प्रमंडल का दबदबा, अंडर-14 और अंडर-17 का खिताब जीता; अंडर-19 में पटना बना चैंपियन