पटना : बिहार में पिछले पांच वर्षों से लोकायुक्त और लोकायुक्त सदस्य के पद खाली रहने पर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। नियुक्ति प्रक्रिया में असामान्य देरी पर सवाल उठाते हुए कोर्ट ने मुख्य सचिव को दो दिसंबर को मूल संचिका के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति अंशुल की एकलपीठ ने दो अलग-अलग मामलों की एक साथ सुनवाई करते हुए सरकार से पिछले पांच वर्षों में नियुक्ति को लेकर उठाए गए सभी कदमों का तारीखवार ब्योरा और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।
सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि बिहार में लोकायुक्त का पद 13 फरवरी 2022 और लोकायुक्त सदस्य का पद 17 मई 2021 से रिक्त है। जबकि बिहार लोकायुक्त अधिनियम, 2011 के तहत नियुक्ति प्रक्रिया चार महीने में पूरी होनी चाहिए।
हाईकोर्ट ने नियुक्ति प्रक्रिया में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकायुक्त सदस्य का पद खाली होने के करीब 25 महीने बाद 21 जून 2023 को सर्च कमेटी का गठन किया गया। वहीं, 15 मार्च 2024 से 18 जुलाई 2025 के बीच सरकार ने क्या कार्रवाई की, इसका स्पष्ट दस्तावेज भी पेश नहीं किया गया।
कोर्ट ने अधिनियम की धारा 4(7)(एफ) और 4(8) का हवाला देते हुए कहा कि सर्च कमेटी को तीन महीने और सेलेक्शन कमेटी को एक महीने का समय दिया गया है। इसके बावजूद पांच वर्षों तक नियुक्ति लंबित रहना गंभीर सवाल खड़े करता है।
कोर्ट ने मुख्य सचिव की ओर से तीन अगस्त को दाखिल शपथ पत्र पर असंतोष जताते हुए उसे टालमटोल वाला जवाब बताया। कोर्ट ने कहा कि शपथ पत्र में पदों के रिक्त होने की वास्तविक तारीखों का भी उल्लेख नहीं किया गया था।
मुख्य सचिव को पूरक शपथ पत्र दाखिल कर 17 मई 2021 से 21 जून 2023 और 15 मार्च 2024 से 18 जुलाई 2025 के बीच उठाए गए प्रत्येक कदम का तारीखवार विवरण और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला लोकायुक्त की नियुक्ति कराने की मांग वाली याचिका नहीं है, बल्कि एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पेंशन में लोकायुक्त के आदेश से कटौती से संबंधित है।
कोर्ट ने कहा कि मूल संचिका को मुख्य सचिव के साथ बैठकर देखना और समझना जरूरी है। इसलिए उन्हें दो दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। यह प्रक्रिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभव नहीं है।




Users Today : 385
Who's Online : 3