पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह ने पूर्व सांसद आनंद मोहन और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आनंद मोहन के राजनीतिक फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनका समय खराब था, तब तेजस्वी यादव और लालू यादव ने उनका साथ दिया, लेकिन बाद में उन्होंने राजद के साथ विश्वासघात किया और दूसरी पार्टी के साथ चले गए।
सुनील सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन के परिवार को भी राजनीतिक सहयोग दिया। उनकी पत्नी और बेटे को टिकट देकर चुनाव में जीत दिलाने में मदद की गई। लेकिन जब राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं, तो आनंद मोहन ने राजद का साथ छोड़ दिया और सरकार के साथ चले गए.
उन्होंने कहा कि अब आनंद मोहन को भी सरकार की ओर से धोखा मिला है और उन्हें इस पूरे घटनाक्रम पर आत्ममंथन करना चाहिए। सुनील सिंह ने टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार का काम ही जरूरत के समय लोगों को अपने फायदे के लिए बाहर निकालना है और जब जरूरत समाप्त हो जाती है, तो उन्हें वापस अंदर भेज दिया जाता है।
हालांकि, आनंद मोहन की रिहाई और उससे जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को लेकर सुनील सिंह ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती, लेकिन आनंद मोहन को अपने राजनीतिक फैसलों पर जरूर विचार करना चाहिए।
सुनील सिंह ने आनंद मोहन की ओर से समाज की बैठक बुलाए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बैठक बुलाना उनका अधिकार है, लेकिन समाज भी उनसे सवाल पूछेगा कि उन्होंने समाज के लिए आखिर क्या किया। सुनील सिंह ने कहा कि जब आनंद मोहन पार्टी बदलते हैं, तब वे अपने समाज से सलाह नहीं लेते, लेकिन अब समाज की बैठक बुलाकर अपनी बात रखने जा रहे हैं।
वहीं, जदयू की प्रतिक्रिया को लेकर भी सुनील सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध की स्थिति पर नजर डालने की जरूरत है। उन्होंने आनंद मोहन और अनंत सिंह समेत राजनीतिक नेताओं को भी आत्ममंथन करने की सलाह दी।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच सुनील सिंह का यह बयान बिहार की राजनीति में नए विवाद को जन्म दे सकता है।




Users Today : 191
Who's Online : 2