Home राज्य जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नियम बदले, अब 21 दिन बाद लगेगी...

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नियम बदले, अब 21 दिन बाद लगेगी लेट फीस; जानिए नया नियम

0
4

पटना : जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर नियमों में बदलाव किया गया है। नए प्रावधानों के तहत अब जन्म या मृत्यु के 21 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इस अवधि में आवेदन करने पर किसी तरह का विलंब शुल्क नहीं देना पड़ेगा। हालांकि, 21 दिनों के बाद आवेदन करने पर देरी के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क देना होगा। साथ ही, प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज और अनुमति की प्रक्रिया भी अलग-अलग होगी।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो गए हैं। इन नियमों में जन्म और मृत्यु के पंजीकरण के लिए समय सीमा के साथ-साथ विलंब शुल्क और प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है।

नए नियमों के अनुसार, बच्चे के जन्म या किसी व्यक्ति की मृत्यु के 21 दिनों के भीतर संबंधित नगर निगम या ग्राम पंचायत के स्थानीय रजिस्ट्रार के पास पंजीकरण कराना होगा। इस अवधि में सामान्य प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल की पर्ची और माता-पिता का आधार कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।

वहीं, 21 से 30 दिनों के भीतर आवेदन करने पर 10 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। इसके अलावा माता-पिता का आधार कार्ड, गवाहों का वोटर कार्ड और शपथ पत्र जमा करना होगा। दस्तावेजों की जांच के बाद स्थानीय रजिस्ट्रार प्रमाण पत्र जारी करेंगे।

अगर जन्म या मृत्यु के 30 दिनों से लेकर एक साल के भीतर पंजीकरण कराया जाता है तो आवेदक को देरी का कारण बताते हुए लिखित अनुमति लेनी होगी। इसके लिए जरूरी साक्ष्य, आवेदन पत्र और पांच रुपये शुल्क जमा करना होगा। इस अवधि में जिला रजिस्ट्रार या अतिरिक्त रजिस्ट्रार की ओर से प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

नए प्रावधानों के मुताबिक, एक साल से दो साल तक की देरी होने पर मामला जिलाधिकारी कार्यालय के स्तर पर पहुंचेगा। यहां आवेदक के दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी की ओर से अधिकृत कार्यपालक दंडाधिकारी प्रमाण पत्र जारी करेंगे।

वहीं, दो साल से अधिक समय बीत जाने पर जन्म या मृत्यु का पंजीकरण कराने की प्रक्रिया और जटिल हो जाएगी। ऐसी स्थिति में आवेदक को जन्म या मृत्यु से जुड़े साक्ष्य और दो गवाहों के आधार पर वकील के माध्यम से न्यायालय में याचिका दायर करनी होगी। न्यायालय का आदेश मिलने के बाद प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी प्रमाण पत्र जारी करेंगे।

इस तरह नए नियमों में जन्म और मृत्यु के पंजीकरण में देरी के साथ प्रक्रिया भी कठिन होती जाएगी। इसलिए लोगों के लिए जरूरी है कि वे जन्म या मृत्यु के 21 दिनों के भीतर ही पंजीकरण करा लें, ताकि अतिरिक्त शुल्क, दस्तावेजों और लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
शीतकालीन सत्र से पहले एक्शन में CM सम्राट, 2 दिनों तक अधिकारियों की लेंगे क्लास; इन मुद्दों पर होगी समीक्षा राज्य

शीतकालीन सत्र से पहले एक्शन में CM सम्राट, 2 दिनों तक अधिकारियों की लेंगे क्लास; इन मुद्दों पर होगी समीक्षा