Home राज्य सुधा डेयरी के गंदे पानी से 40 एकड़ जमीन को मिलेगी मुक्ति,...

सुधा डेयरी के गंदे पानी से 40 एकड़ जमीन को मिलेगी मुक्ति, 2.4 KM लंबी अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने की

0
5

मुजफ्फरपुर : सदातपुर स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकलने वाले गंदे पानी की समस्या का अब समाधान होने जा रहा है। डेयरी से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी को शोधित करने के बाद अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइपलाइन के जरिए फरदो नाला के पास गिराया जाएगा। इसके लिए 2.4 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की योजना तैयार की गई है। इस परियोजना से आसपास के किसानों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांटी विधायक अजीत कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड यानी तिमूल की ओर से प्रस्तावित ड्रेनेज रूट पर चर्चा हुई। अंचलाधिकारी स्तर पर कराए गए मानचित्रण और समिति को सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर ड्रेनेज रूट को मंजूरी दी गई।

प्रमंडलीय आयुक्त ने तिमूल के प्रबंध निदेशक को एक महीने के भीतर प्रस्तावित ड्रेनेज रूट का डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है। इसके बाद एनएचएआई और रेलवे से आवश्यक एनओसी लेकर परियोजना पर काम आगे बढ़ाया जाएगा।

दरअसल, सुधा डेयरी से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी के कारण आसपास की करीब 40 एकड़ कृषि भूमि और 1100 लीची के पेड़ प्रभावित हो रहे हैं। इतना ही नहीं, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता की ओर से बोरवेल के पानी की जांच में आर्सेनिक, क्लोराइड और फास्फेट जैसे तत्व पाए गए थे। इससे आसपास के लोगों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि करीब 50 वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

कांटी विधायक अजीत कुमार ने बैठक में कहा कि तिमूल के अलावा आसपास के होटल और रेस्टोरेंट का पानी भी रैयती जमीन में जा रहा है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने अगले 50 वर्षों की जरूरत के हिसाब से पाइपलाइन निर्माण कराने का निर्देश दिया।

प्रस्तावित योजना के अनुसार, सुधा डेयरी के पास एनएचएआई पुल के दक्षिणी छोर से सड़क के नीचे बने कल्वर्ट के माध्यम से पाइपलाइन निकाली जाएगी। इसके बाद एनएचएआई के पक्के नाले के पास से होते हुए रेलवे क्रॉसिंग से करीब 100 मीटर आगे तक ड्रेनेज लाइन बिछाई जाएगी।

वहीं, रेलवे क्रॉसिंग से करीब 100 मीटर पहले बने रेलवे अंडरपास के जरिए पाइपलाइन को रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर ले जाया जाएगा। इसके बाद रेलवे की जमीन से होते हुए पाइपलाइन मुख्य सड़क तक पहुंचेगी और आगे फरदो नाला के पास पानी की निकासी की व्यवस्था होगी।

इसके अलावा फरदो नाला के पास तालाब निर्माण की भी योजना है, जिससे मत्स्य पालन को बढ़ावा मिल सकेगा। परियोजना पूरी होने के बाद सुधा डेयरी के पानी से आसपास की खेती और पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
सड़क हादसे में घायलों को बड़ी राहत, अब डेढ़ लाख रुपये तक होगा मुफ्त इलाज राज्य

सड़क हादसे में घायलों को बड़ी राहत, अब डेढ़ लाख रुपये तक होगा मुफ्त इलाज