Bihar Weather : बिहार में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें 5 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कई अन्य जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
राजधानी पटना में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 29 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में 42% कम बारिश
राज्य में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से करीब 42 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 23 अगस्त तक बिहार में सामान्य तौर पर 710.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 414.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। यानी प्रदेश में करीब 296.8 मिमी बारिश की कमी है।
गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर से चिंता
इधर, गंगा और कोसी नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। बक्सर, बेगूसराय, मुंगेर और पटना में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बक्सर में गंगा वार्निंग लेवल को पार कर खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। यहां करीब हर दो घंटे में एक सेंटीमीटर पानी बढ़ रहा है।
पटना सिटी के भद्र घाट और महावीर घाट लेन तक गंगा का पानी पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बातचीत कर फरक्का बराज के सभी गेट खोलने का आग्रह किया है। बंगाल के मुख्यमंत्री ने इस संबंध में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बीते 24 घंटे में कई जिलों में तेज बारिश
रविवार को जमुई, कटिहार, लखीसराय, बेतिया, नालंदा, सुपौल, बेगूसराय और गोपालगंज में तेज बारिश हुई। नालंदा में करीब आधे घंटे की बारिश के बाद बिहार शरीफ की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। पटना समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे।
25 अगस्त को इन जिलों में बारिश के आसार
25 अगस्त को जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गया, बक्सर, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है।
26 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट
26 अगस्त को दक्षिण बिहार में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। गया, नवादा और औरंगाबाद में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मोतिहारी, छपरा और आरा समेत आसपास के इलाकों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में आंधी-वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार में बारिश कम होने की वजह क्या है?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल बिहार में मानसूनी बारिश का वितरण काफी असमान रहा है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव वाले सिस्टम कमजोर रहे या उनका प्रभाव बिहार तक पर्याप्त मजबूती से नहीं पहुंच पाया। यही सिस्टम मानसून के दौरान बारिश के लिए अहम भूमिका निभाते हैं।
इन सिस्टम के कमजोर रहने या दूसरी दिशा में चले जाने के कारण बिहार में बारिश का कवरेज और अवधि दोनों प्रभावित हुए हैं। यही वजह है कि राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।
