पटना : बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, रोहतास जिले में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
रोहतास में 100 मिमी से अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रोहतास में सबसे अधिक 100.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खगड़िया, कटिहार और भभुआ में भी अच्छी बारिश हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम सुहाना रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है।
तापमान की बात करें तो वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, डेहरी (रोहतास) में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज इन इलाकों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, आज बिहार के दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, भभुआ, रोहतास और सिवान में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
खुले में जाने से बचें
मौसम विभाग ने वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है। साथ ही नदियों और नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







