पटना : जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ संगठन के विस्तार और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा, मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा और मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा भी मौजूद रहे।
बूथ स्तर तक जदयू संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने का उमेश कुशवाहा ने दिया निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रकोष्ठ अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों को संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। सभी कार्यकर्ताओं से पूरी प्रतिबद्धता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की अपील की गई।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि सामाजिक न्याय, विकास और सुशासन के क्षेत्र में नीतीश कुमार के बीस वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां जद (यू) की सबसे बड़ी पूंजी हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। इसके साथ ही समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के विकास के लिए एनडीए सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में जद (यू) को आने वाले दिनों में सफलता की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। प्रदेश की जनता के विश्वास और भरोसे पर खरा उतरने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लेना होगा।







