Homeराज्यजन्माष्टमी पर पटना में ट्रैफिक डायवर्जन, इस्कॉन मंदिर जाने से पहले जान...

जन्माष्टमी पर पटना में ट्रैफिक डायवर्जन, इस्कॉन मंदिर जाने से पहले जान लें पूरा रूट

पटना : कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पटना के इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। शुक्रवार सुबह से जन्माष्टमी कार्यक्रम समाप्त होने तक बुद्ध मार्ग और इस्कॉन मंदिर के आसपास कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव रहेगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए बुद्ध मार्ग और इस्कॉन मंदिर से जुड़े संपर्क मार्गों पर निजी वाहनों के साथ ऑटो, ई-रिक्शा और मिनी बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। जीपीओ फ्लाईओवर से बुद्ध मार्ग की ओर आने वाले वाहनों को भी आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं अदालतगंज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, कोतवाली की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहा होते हुए पटना जंक्शन की ओर भेजा जाएगा। जीपीओ के नीचे से इस्कॉन मंदिर की तरफ जाने वाले वाहनों को आर-ब्लॉक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। फ्रेजर रोड से श्रीनिवास पथ और बंदर बगीचा की ओर से बुद्ध मार्ग आने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा।

श्रद्धालुओं के लिए इन जगहों पर पार्किंग

इस्कॉन मंदिर के आसपास वाहनों का दबाव कम करने के लिए मौर्यालोक, बुद्ध स्मृति पार्क, जीपीओ, मल्टी-मोडल हब और मिलर हाई स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा कर मंदिर की ओर पैदल जाएं।

सुरक्षा में 3 डीएसपी समेत 150 जवान तैनात

जन्माष्टमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन डीएसपी, 50 पुलिस अधिकारी और 100 जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा डॉल्फिन टीम और यातायात ओपी की मोबाइल टीमें भी लगातार इलाके में गश्त करेंगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल और पर्स चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विशेष निगरानी रखेगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर इस्कॉन मंदिर की ओर न जाएं और ट्रैफिक पुलिस द्वारा तय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। मंदिर जाने वाले श्रद्धालु अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को भी सुरक्षित रखें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments