बिहार : चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, समस्तीपुर और राजकीय मेडिकल कॉलेज, छपरा (सारण) में 50-50 MBBS सीटों पर नामांकन और पढ़ाई शुरू करने की अनुमति दे दी है।
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) की ओर से दोनों मेडिकल कॉलेजों को Letter of Permission (LoP) जारी किया गया है। इसके साथ ही बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जताया आभार
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बिहार सरकार के अनुरोध को स्वीकार किए जाने पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर और सारण में 50-50 MBBS सीटों की अनुमति मिलना बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। नए मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई के लिए आवश्यक शिक्षकों, संसाधनों और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों का विस्तार केवल चिकित्सा शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं पर भी पड़ता है। मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों की क्षमता बढ़ने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक उपचार सुविधाओं की उपलब्धता भी बेहतर होगी।
घर के नजदीक मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
सरकार का लक्ष्य बिहार में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार करना है, जहां लोगों को गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकें। नए मेडिकल कॉलेज और MBBS सीटों में वृद्धि इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, समस्तीपुर और सारण में MBBS पाठ्यक्रम शुरू होने से राज्य के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के नए अवसर मिलेंगे। वहीं, दोनों मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं, आधुनिक उपचार सुविधाओं और मरीजों के लिए जरूरी संसाधनों को भी मजबूत किया जाएगा।
उत्तर बिहार और सारण क्षेत्र को मिलेगा फायदा
समस्तीपुर और सारण में 50-50 MBBS सीटों की स्वीकृति बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विकेंद्रीकरण और क्षेत्रीय विस्तार की दिशा में अहम कदम है। इससे उत्तर बिहार के महत्वपूर्ण क्षेत्र समस्तीपुर और सारण क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं का आधार भी मजबूत होगा।
राज्य में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध अस्पतालों में आधारभूत संरचना, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन और मरीजों के लिए आवश्यक सेवाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। इससे बिहार के युवाओं के लिए चिकित्सा क्षेत्र में शिक्षा और करियर के नए अवसर पैदा होंगे।
समस्तीपुर और सारण में नए MBBS बैच के संचालन की अनुमति बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और भविष्य के लिए बेहतर चिकित्सकीय मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
