पटना : बिहार में परीक्षाओं के परिणाम जल्द जारी करने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परीक्षाओं के रिजल्ट जल्द से जल्द जारी करने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट अधिकतम 7 दिनों के अंदर जारी करने की व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद परिणाम जारी होने में अधिक समय लगने से छात्रों में असंतोष पैदा होता है। ऐसे में सरकार की कोशिश है कि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द उनका परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराया जाए।
पॉलिटेक्निक परीक्षा का रिजल्ट 24 घंटे में जारी करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पॉलिटेक्निक की परीक्षाओं के परिणाम को 24 घंटे के अंदर जारी करने की दिशा में भी तैयारी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे परीक्षा के तुरंत बाद रिजल्ट तैयार कर जारी किया जा सके।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद बिहार के छात्रों को परीक्षा परिणाम के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार का जोर परीक्षा प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और छात्रहित में बनाने पर है।
