पटना : राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई के दौरान करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एक युवक को पुलिस ने पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बरामद नकदी की सूचना इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। वहीं, इसी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम ने कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, NIA की टीम मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में एक फ्लैट में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान टीम कथित तौर पर दूसरे फ्लैट में भी पहुंच गई। टीम को देखकर वहां मौजूद एक युवक घबरा गया और फ्लैट से निकलकर नीचे की ओर भागने लगा।
अपार्टमेंट के नीचे पहले से ही एसटीएफ और चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस की टीम मौजूद थी। बताया जा रहा है कि युवक ने स्कूटी से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की में रखे एक झोले से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने रकम को जब्त कर लिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक के पास इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
आधार कार्ड के आधार पर पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है। चित्रगुप्त नगर थानेदार शंकर झा के अनुसार, अनमोल पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया गया है।
रकम के स्रोत को लेकर पूछताछ
पुलिस के मुताबिक, बरामद 20 लाख रुपये के संबंध में युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में वह नकदी के स्रोत को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया है। इसके बाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने रकम के स्रोत और संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच तेज कर दी है।
इनकम टैक्स विभाग को दी गई सूचना
बरामद नकदी की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। आयकर विभाग अब रकम से जुड़े वित्तीय लेनदेन और उसके स्रोत की जांच कर सकता है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी युवक के पास किस उद्देश्य से थी और क्या इसका किसी अन्य गतिविधि से कोई संबंध है।
एक अन्य युवक को भी NIA ने लिया हिरासत में
इसी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम ने एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 609 से कथित तौर पर एक मोस्टवांटेड युवक को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में NIA की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच एजेंसियां खंगाल रही पूरी कड़ी
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस, एसटीएफ और NIA की ओर से अलग-अलग पहलुओं पर जांच की जा रही है। बरामद 20 लाख रुपये और हिरासत में लिए गए युवकों के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। एजेंसियां फ्लैट से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही हैं। आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद नकदी का वास्तविक स्रोत क्या है और इस मामले में आगे कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।
