Homeराज्यएमएलसी मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने...

एमएलसी मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

पटना: जन सुराज के एक शिष्टमंडल ने एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में कथित विसंगतियों और उनके सुधार की मांग को लेकर बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को इस संबंध में एक प्रतिवेदन सौंपकर मतदाता सूची में हुई त्रुटियों को दूर करने की मांग की।

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में मुख्य प्रवक्ता कुमार सौरभ और पूर्व आईपीएस अधिकारी जितेंद्र मिश्रा मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिले। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एमएलसी चुनाव के लिए जारी मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों की जानकारी अधिकारियों को दी।

मनोज भारती ने कहा कि एमएलसी चुनाव के लिए जारी मतदाता सूची की जांच के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि तिरहुत क्षेत्र के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में करीब 1668 नाम ऐसे हैं, जो डुप्लीकेट बताए जा रहे हैं। यानी एक ही मतदाता का नाम सूची में दो-दो बार दर्ज होने की शिकायत है।

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन विसंगतियों से संबंधित जानकारी और प्रतिवेदन निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले का संज्ञान लिया है। साथ ही, प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि मतदाता सूची में सामने आई त्रुटियों को सुधारने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार चुनाव की तारीख घोषित होने तक मतदाता सूची में आवश्यक सुधार और नाम जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी। चुनाव के समय जो अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी, उसी के आधार पर मतदान कराया जाएगा।

जन सुराज ने मांग की है कि एमएलसी चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी करने से पहले सभी डुप्लीकेट नामों और अन्य विसंगतियों की जांच कर उन्हें दूर किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments