सीवान : सीवान जिले के गुठनी थाना की पुलिस ने शनिवार की सुबह श्रीकलपुर चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोकर से लदे ट्रक में छिपाकर बिहार लायी जा रही 190 कार्टून कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की। कुल बरामद 28500 बोतल सिरप ESkuf ब्रांड की बतायी जा रही है। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही ट्रक का चालक, खलासी एवं उसके साथ मौजूद अन्य लोग वाहन छोड़कर फरार हो गये। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह श्रीकलपुर चेकपोस्ट पर आयशर कंपनी का एक ट्रक पहुंचा। ट्रक में सवार लोगों ने पुलिस को बताया कि वाहन में चोकर लदा हुआ है। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की जांच शुरू की गयी। जांच के दौरान चालक, खलासी समेत अन्य लोग मौके से फरार हो गये। इसके बाद पुलिस ट्रक को गुठनी थाने ले गयी, जहां गहन जांच के दौरान चोकर के नीचे छिपाकर रखी गयी कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी मात्रा बरामद हुई। बरामद कफ सिरप को ट्रक से उतारने की कार्रवाई औषधि विभाग एवं उत्पाद विभाग के अधिकारियों की निगरानी में की गयी। इसके बाद बरामद दवाओं की गिनती कर जब्ती सूची तैयार की गयी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोडीन युक्त कफ सिरप की यह खेप कहां से बिहार लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फरार चालक, खलासी एवं अन्य संदिग्धों की तलाश भी शुरू कर दी गयी है। गौरतलब है कि ESkuf ब्रांड की कोडीन युक्त कफ सिरप की 7,500 बोतलें मई 2026 में पटना में भी जब्त की गयी थीं। कोडीन युक्त कुछ कफ सिरप का बिहार में नशे के लिए दुरुपयोग किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में चोकर की आड़ में इतनी बड़ी मात्रा में इस दवा की खेप बरामद होना तस्करी के नेटवर्क की ओर भी इशारा करता है।







