रक्सौल (पूर्वी चंपारण) : नेपाल में मंगलवार दोपहर काठमांडू से बीरगंज जा रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार आठ लोगों में से चार की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। दुर्घटनाग्रस्त माइक्रोबस से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।
मकवानपुर के सुकौरा में हुआ हादसा
हादसा मकवानपुर जिले के इंद्रसरोवर ग्रामीण नगर पालिका-2 के सुकौरा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुआ। बताया गया कि काठमांडू से बीरगंज की ओर जा रही इलेक्ट्रिक माइक्रोबस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे जा गिरी।
दुर्घटनाग्रस्त माइक्रोबस का रजिस्ट्रेशन नंबर मधेश प्रांत 03-001-जा-0720 बताया गया है। पुलिस के अनुसार वाहन सड़क से नीचे गिरने के बाद काफी दूरी तक चला गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चार यात्रियों की मौके पर मौत
हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बारा जिले के 32 वर्षीय सरफरोस मियां, परसा जिले के 44 वर्षीय भुवनेश्वर साह कानू, धनुषा जिले के 43 वर्षीय सूरज भट्टाराई और कावासोती, नवलपरासी पूर्व के 24 वर्षीय नर बहादुर सिंह के रूप में हुई है।
तीन घायलों की हालत गंभीर
मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता डीएसपी माधव प्रसाद काफ्ले के अनुसार घायलों में मकवानपुर के हेटौंडा निवासी कल्पना तमांग और राजकुमार स्यांगतान के साथ कलैया, बारा निवासी 20 वर्षीय चालक अमीर अंसारी शामिल हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई गई है और उनका उपचार काठमांडू के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
वहीं, बारा की 21 वर्षीय बबिया कुमारी यादव का उपचार हेटौंडा अस्पताल में कराया जा रहा है।
एक घायल हेटौंडा, तीन काठमांडू भेजे गए
मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री ने बताया कि बचाए गए चार घायलों में से एक को हेटौंडा अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए काठमांडू रेफर किया गया है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार माइक्रोबस के अनियंत्रित होने के बाद यह दुर्घटना हुई। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







