गया जी : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में चतुर्थ वर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गया जी जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के विभिन्न विद्यालयों में रिक्त पदों पर चयन के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इसके लिए हरिदास सेमिनरी प्लस टू स्कूल को साक्षात्कार स्थल बनाया गया है। अलग-अलग पदों के लिए 21 से 25 सितंबर तक साक्षात्कार की तिथि निर्धारित की गई है।
मुख्य और सहायक रसोइया समेत कई पदों पर होगा इंटरव्यू
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक रसोइया पद के लिए 21 सितंबर को 43 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होंगे। वहीं, मुख्य रसोइया पद के लिए 22 सितंबर को 25 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा।
इसके बाद 23 सितंबर को अनुसेवक पद के लिए 50 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा। चौकीदार और रात्रि प्रहरी पद के लिए 24 और 25 सितंबर को कुल 105 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेज के साथ पहुंचना होगा
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म के साथ संलग्न सभी प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति के साथ उनके मूल दस्तावेज भी लेकर साक्षात्कार स्थल पर पहुंचना होगा। इसके अलावा दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ लाना आवश्यक होगा।
सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का मौका
अभ्यर्थियों का विस्तृत विवरण एनआइसी गया और शिक्षा विभाग गया की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। इससे पहले अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन डीआरसीसी गया में 10 से 26 जून तक कराया गया था। सत्यापन प्रक्रिया में वैध पाए गए अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
साइकिल चलाने की योग्यता की भी होगी जांच
साक्षात्कार के दौरान कुछ पदों के लिए अभ्यर्थियों की साइकिल चलाने की योग्यता का परीक्षण भी किया जाएगा। ऐसे में संबंधित पद के अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के साथ इस परीक्षण के लिए भी तैयार रहना होगा। भर्ती प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार के बाद योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
