डेस्क : गयाजी में पितृपक्ष मेला 2026 शुरू होने में अब सिर्फ 4 दिन बाकी हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार कई नई तकनीकी व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं को आधिकारिक और जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल ऐप, चैटबॉट, AI और Google Translator जैसी सुविधाएं शुरू की हैं।
पिंड दान गया जी ऐप लॉन्च
श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से सही और आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए डिजिटल गाइड की तरह काम करेगा। श्रद्धालु मेला क्षेत्र में पहुंचने से पहले और वहां पहुंचने के बाद भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। ऐप को Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है।
बहुभाषीय सुविधा से दूर होगी भाषा की परेशानी
इस बार पहली बार बहुभाषीय सुविधा पर भी विशेष जोर दिया गया है। देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की भाषा अलग होने के कारण उन्हें स्थानीय स्तर पर जानकारी लेने में परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए ‘मे आई हेल्प यू’ डेस्क के जरिए श्रद्धालुओं को उनकी भाषा में सहायता देने की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा जरूरत के अनुसार Google Translator का इस्तेमाल भी किया जाएगा। इससे अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले तीर्थयात्रियों को उनकी भाषा में जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ऐप पर मिलेंगी ये सुविधाएं
‘पिंड दान गया जी’ ऐप पर यात्रा, आवासन, भोजन और पिंडदान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। श्रद्धालु ट्रैफिक, पार्किंग, टिकट और मेला क्षेत्र से संबंधित जरूरी जानकारी भी ऐप के जरिए प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा ऑनलाइन पंजीकरण, खोया-पाया, आपातकालीन संपर्क, पंडा जी और विभिन्न वेदियों की जानकारी भी ऐप पर मिलेगी। शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस कैंप से जुड़ी जानकारी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
रेलवे और हवाई यात्रा से जुड़ी नवीनतम जानकारी भी श्रद्धालुओं को इसी माध्यम से मिल सकेगी।
चैटबॉट से मिलेगी तुरंत जानकारी
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए ऐप पर चैटबॉट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए कम समय में जरूरी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। आवासन, आपातकालीन संपर्क, विभिन्न सेवाओं और उनके स्थान से जुड़ी जानकारी चैटबॉट के माध्यम से ली जा सकेगी।
शिकायत और Feedback की भी सुविधा
मेला क्षेत्र में किसी तरह की समस्या होने पर श्रद्धालु ऐप और वेबसाइट के जरिए अपनी शिकायत या Feedback भी दर्ज करा सकेंगे। इससे मेला अवधि के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंच सकेगी और जरूरत के अनुसार सेवाओं में सुधार किया जा सकेगा।
AI और Google Translator की सुविधा
डीएम शशांक शुभंकर के अनुसार, इस बार पितृपक्ष मेले में पहली बार AI फीचर के साथ Google Translator की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
अलग-अलग राज्यों और देशों से आने वाले श्रद्धालुओं की भाषा अलग होने के कारण होने वाली परेशानी को कम करने के लिए मेला क्षेत्र में संचालित काउंटरों पर जरूरत के अनुसार Google Translator डिवाइस का इस्तेमाल किया जाएगा।
ट्रेन से लेकर लोकल ट्रांसपोर्ट तक की जानकारी
पितृपक्ष मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन और हवाई मार्ग से गया पहुंचते हैं। इसे देखते हुए ऐप और वेबसाइट पर रेलवे की समय-सारणी और गया एयरपोर्ट से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा लोकल ट्रांसपोर्ट, पार्किंग स्थल और किराया सूची की जानकारी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड की गई है। इससे श्रद्धालु गया पहुंचने से पहले ही यह जान सकेंगे कि उन्हें कहां जाना है और वहां पहुंचने के लिए कौन-कौन सी परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं।







